
लोडेड पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार, रंगदारी वसूली का बताया जा रहा मामला।
दरभंगा: कोतवाली थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को लोडेड पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, युवक किसी व्यक्ति से रंगदारी की रकम लेने के लिए भटियारीसराय मोहल्ले की ओर जा रहा था।

दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग भटियारीसराय मोहल्ले में किसी व्यक्ति से रंगदारी मांगने जा रहे हैं। सूचना के आधार पर कोतवाली थाना की पुलिस ने उनका पीछा किया और एक युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसकी कमर से लोडेड पिस्टल बरामद की गई।
गिरफ्तार युवक की पहचान लहेरियासराय थाना क्षेत्र के मौलागंज वार्ड नंबर-28 निवासी विजय कुमार आनंद के पुत्र शशि रंजन के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में शशि रंजन ने बताया कि वह भटियारीसराय और दोनार चौक के बीच रहने वाले एक व्यक्ति से रंगदारी की रकम लेने जा रहा था। हालांकि, पुलिस ने उस व्यक्ति का नाम सार्वजनिक नहीं किया है।

कोतवाली थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी ली गई है। साथ ही, जिस व्यक्ति से रंगदारी की रकम लेने की बात सामने आई है, उसके संबंध में भी पूछताछ की गई है।
पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार युवक को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


