Home Featured चलती पिकअप वैन से उपकरण चोरी करते युवक धराया, लोगों ने जमकर की पिटाई।

चलती पिकअप वैन से उपकरण चोरी करते युवक धराया, लोगों ने जमकर की पिटाई।

दरभंगा: लहेरियासराय थाना क्षेत्र के वीआईपी रोड स्थित आस्था हॉस्पिटल के पास चलती पिकअप वैन से टेलीकॉम कंपनी के उपकरण चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना के दौरान स्थानीय लोगों और डिलीवरी टीम के सदस्यों ने एक संदिग्ध युवक को रंगेहाथ पकड़ लिया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को भीड़ से बचाकर हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, पटना से एयरटेल कंपनी के वाई-फाई समेत अन्य टेलीकॉम उपकरण लेकर पिकअप वैन दरभंगा आ रही थी। इसी दौरान कुछ युवक कथित तौर पर पिकअप वैन के पीछे चढ़ गए और उसमें रखे कार्टन को नीचे सड़क पर फेंकने लगे।

बताया जाता है कि इसी दौरान एक ई-रिक्शा चालक की नजर युवकों की गतिविधि पर पड़ गई। उसने शोर मचाकर पिकअप चालक को इसकी जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही डिलीवरी टीम के सदस्यों ने स्थानीय लोगों की मदद से एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

बताया गया कि पकड़े गए युवक के पास से चोरी किए गए सामान के कार्टन के अलावा धारदार चाकू और नशीला पदार्थ भी बरामद हुआ। इसके बाद मौके पर जुटी भीड़ ने युवक की पिटाई शुरू कर दी।

स्थिति बिगड़ने की सूचना पर डिलीवरी टीम ने डायल-112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों तथा चोरी किए गए उपकरणों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद ही पूरे मामले में शामिल लोगों और बरामद सामान की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

Share