Home Featured पुल के नीचे मिला युवक का शव, हत्या की आशंका; आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन।

पुल के नीचे मिला युवक का शव, हत्या की आशंका; आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन।

दरभंगा: बहेड़ा थाना क्षेत्र के लवानी गांव में बुधवार की सुबह पुल के नीचे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान लवानी निवासी शत्रुघन यादव के पुत्र मंग्नू यादव (30) के रूप में हुई है। प्रथमदृष्टया युवक की हत्या कर शव को पुल के नीचे ठिकाने लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है।

Advertisement

जानकारी के अनुसार, मंग्नू यादव बुधवार की सुबह अपना खेत देखने के लिए घर से निकले थे। करीब एक घंटे बाद भी जब वह वापस नहीं लौटे तो स्वजन को चिंता हुई और उन्होंने उनकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान पुल के नीचे खेत के पास मंग्नू की चप्पल और मोबाइल फोन मिला।

चप्पल और मोबाइल मिलने के बाद स्वजन को किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद आसपास की झाड़ियों में तलाश शुरू की गई। इसी क्रम में झाड़ियों के बीच मंग्नू का शव दिखाई दिया। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने बांस-बल्ला लगाकर सड़क जाम कर दिया। ग्रामीण पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घटना में शामिल आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। युवक की मौत हत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

Share