Home Featured सबमर्सिबल के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरकर ढाई साल की बच्ची की मौत।
May 23, 2025

सबमर्सिबल के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरकर ढाई साल की बच्ची की मौत।

दरभंगा: जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भरवाड़ा वार्ड-3 में शुक्रवार को सबमर्सिबल के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरकर ढाई साल की बच्ची की मौत हो गई। मृतका मेहरा फातमा है। वह अपनी मां फरीदा खातून के साथ नानी के घर आई थी। पिता नौशाद अली बेंगलुरु में मजदूरी करते हैं। बच्ची 2 बहनों में छोटी थी। बड़ी बहन की उम्र 4 साल है।

Advertisement

विधायक जीवेश कुमार की अनुशंसा पर जलापूर्ति योजना के तहत घर के सामने सबमर्सिबल का काम कल खत्म हो गया था। काम खत्म होने के बाद ठेकेदार ने गड्ढा नहीं भरा। गड्ढे की चौड़ाई करीब 5 फीट और गहराई डेढ़ फीट थी। बच्ची खाना खाकर खेलने निकली थी। आधे घंटे बाद परिजन उसे खोजने निकले। वह गड्ढे में उलटी पड़ी मिली। उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

Advertisement

मां फरीदा खातून ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया। कहा कि गड्ढा बंद नहीं किया गया, पानी भी नहीं निकाला गया। ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Advertisement

स्थानीय निवासी अल्ताफ अहमद ने कहा कि घरों के बीच गड्ढा छोड़ देना बड़ी लापरवाही है। आसपास छोटे बच्चे रहते हैं। वार्ड पार्षद और अध्यक्ष की मनमानी से यह हादसा हुआ है। अब एक मासूम बच्ची की जान चली गई।

ग्रामीण इजहार उर्फ मुन्ना ने बताया कि हल्ला हुआ तो जानकारी हुई। बच्ची डूब कर मर गई है। नासमझ छोटी सी बच्ची थी। खेलने कूदने गई होगी, उसमें गिर गई होगी। वह नहीं निकल पाई होगी। इसके कारण उसकी डूबकर मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार की लापरवाही के कारण यह घटना हुई है।

Advertisement

सूचना पर सिंहवाड़ा थाना से पुलिस मौके पर पहुंची। अजय कुमार पाल ने बताया कि बच्ची खेलते समय गड्ढे में गिर गई थी। डूबने से उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया है।

वार्ड-3 के पार्षद नौशाद खान ने कहा कि यह बहुत दुखद घटना है। ठेकेदार की लापरवाही से बच्ची की जान गई। गड्ढा बंद कर देना चाहिए था। ठेकेदार को सजा मिलनी चाहिए। परिजन को हर संभव मदद दिलाने की कोशिश की जा रही है।

Share

Check Also

आरएस टैंक फीडर से जुड़े कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित।

दरभंगा: आरएस टैंक फीडर से निकलने वाली 11 केवी लाइन में असगांव के नजदीक मेंटिनेंस कार्य को …