Home Featured कांग्रेस एक बेईमान पार्टी के साथ गठबंधन में है : अशोक।
September 29, 2020

कांग्रेस एक बेईमान पार्टी के साथ गठबंधन में है : अशोक।

दरभंगा: जदयू के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सह मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि महागठबंधन में राजद के साथ कांग्रेस का कोई भविष्य नहीं है। कांग्रेस एक बेईमान पार्टी के साथ गठबंधन में है। बीस वर्षों से गठबंधन के बाद भी राजद का शीर्ष नेतृत्व कांग्रेस को महत्व ही नहीं दे रहा है। मंत्री चौधरी मंगलवार को शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एनडीए उम्मीदवार दिलीप चौधरी के आवास पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार बिहार के विकास के लिए कटिबद्ध है। काफी मशक्कत के बाद राज्य आगे बढ़ा है।

 

अभी और कार्य करने की आवश्यकता है। बिहार देश का सबसे ज्यादा घनत्व वाला राज्य है। सरकार को सहायता की आवश्यकता है। इस वजह से केन्द्र सरकार व प्रधानमंत्री से आग्रह कर रहे हैं। प्रधानमंत्री भी विभिन्न स्रोतों से बिहार को आर्थिक रूप से मदद करने का प्रयास कर रहे हैं। सड़क निर्माण के क्षेत्र में कई कार्य हुए हैं। मिथिला के विकास के लिए दरभंगा में एम्स का निर्माण होना है। एयरपोर्ट आ गया है। इसके लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लंबे समय से संघर्ष करते रहे हैं। मुख्यमंत्री मिथिला के विकास के लिए लगातार प्रयत्नशील हैं।

 

संगठन हो या सरकार सब पर नीतीश कुमार की पैनी नजर है और बिहार के साथ संगठन को भी संवारने का उन्होंने कार्य किया है। एयरपोर्ट के नाम के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह एक राजनीतिक डिबेट का विषय है। कुछ लोग विद्यापति व कुछ लोग महाराजा कामेश्वर सिंह के नाम पर चाहते हैं, जो उचित होगा वह निर्णय पार्टी के शीर्ष नेता व केन्द्र सरकार के लोग करेंगे। एक नई राजनीति पार्टी के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि राजनीति में शिक्षित व युवाओं को आना चाहिए। उनकी शुभकामना है। हालांकि किताबी ज्ञान के साथ अनुभव की भी आवश्यकता है। मंत्री चौधरी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि लोजपा भी एनडीए के साथ रहेगी। हालांकि एनडीए की बेहतरी के लिए शीर्ष नेतृत्व निर्णय लेगा।

Share

Check Also

जेईई मेंस के रिजल्ट में एकबार फिर सर्वश्रेष्ठ रहा ओमेगा का प्रदर्शन, संस्कृति को मिला 232वां रैंक।

देखिये वीडियो भी दरभंगा: मिर्जापुर स्थित शिक्षण संस्थान ओमेगा स्टडी सेंटर के बच्चों ने जेई…