Home Featured चुनाव के समय भी महज राउटर जलने के कारण 6 दिनों से बाधित है समाहरणालय स्थित डाकघर का कार्य।
October 9, 2021

चुनाव के समय भी महज राउटर जलने के कारण 6 दिनों से बाधित है समाहरणालय स्थित डाकघर का कार्य।

देखिये वीडियो भी👆

दरभंगा: पिछले लगभग एक वर्ष से डाक प्रमण्डल दरभंगा द्वारा खूब तामझाम दिखाये जा रहे हैं और नयी नयी सुविधाओ का प्रचार प्रसार किया जा रहा है। पर शायद सभी तामझाम हाथी के दांत साबित हो रहे हैं। तभी तो विश्व डाक दिवस के अवसर पर भी कोर्ट उप डाकघर का करीब सप्ताह भर से जला हुआ राउटर जैसा मामूली उपकरण बदला नही जा सका, और काम काज लगातार ठप्प रहा।

दरअसल चुनाव के जैसे अतिमहत्वपूर्ण समय में समाहरणालय परिसर अवस्थित कोर्ट उप डाकघर का राउटर जल जाने के कारण गत 4 अक्टूबर से डाकघर का काम काज बाधित है। कोई रजिस्ट्री आदि भी नही हो पाता और न ही खाते में जमा निकासी का कार्य हो पाता है। लोग डाकघर आते हैं, और लौट कर चले जाते हैं। राउटर कबतक ठीक होगा, यह भी किसी को पता नही। केवल एक नोटिस चिपका दिया गया है कि राउटर जल जाने के कारण 4 अक्टूबर से डाकघर का कार्य बाधित है।

शनिवार को भी कई लोग रजिस्ट्री आदि करने आये और बैरंग लौट गये। ज्यादातर सरकारी विभाग के कर्मी ही आ रहे थे।

इस संबंध में जब वॉयस ऑफ दरभंगा के संवाददाता ने डाकघर के पोस्ट मास्टर रामबाबू यादव से बात करना चाहा तो उन्होंने कैमरे पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। पर ऑफ द रिकॉर्ड उन्होंने बताया कि जिस दिन राउटर जला, उसी दिन विभाग को उन्होंने सूचित कर दिया था। पुनः 6 अक्टूबर को भी विभाग को पत्र लिखा। पर कोई जवाब नही मिला। शनिवार 9 अक्टूबर को फिर से उन्होंने विभाग को पत्र लिखा है।

महज एक राउटर जलने के कारण समाहरणालय जैसे महत्वपूर्ण जगह पर अवस्थित कोर्ट डाकघर का कार्य 6 दिनों से बाधित रहना, वह भी चुनाव जैसे महत्वपूर्ण समय मे, फिर भी किसी का ध्यान इस ओर नही जाना, यह भी अपने आप मे कम बड़ा सवाल नही है। जिला के मुखिया सहित तमाम बड़े अधिकारी जहां बैठते हों, वहां इस हालत में यही कहा जा सकता है कि यह चिराग तले अंधेरा वाली कहावत को चरितार्थ करता है।

Share

Check Also

नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न मामले में अदालत ने दिया दोषी करार।

दरभंगा: दरभंगा जिला के पॉक्सो एक्ट के विशेष न्यायाधीश प्रतिमा परिहार की अदालत ने अनुसूचित …