Home Featured आगामी पर्व त्योहारों को लेकर शहर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता: महापौर।
1 week ago

आगामी पर्व त्योहारों को लेकर शहर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता: महापौर।

दरभंगा: शनिवार को नगर निगम स्थित सभागार में दरभंगा नगर निगम की सामान्य बोर्ड की बैठक हुई। महापौर अंजुम आरा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मुख्य रूप से आगामी पर्व को लेकर शहर में साफ-सफाई, पीने के पानी की व्यवस्था, खराब लाइट की मरमम्त व तालाबों की सफाई सहित अन्य कई मुद्दों पर चर्चा की गई। मेयर ने कहा कि शहर में सफाई की बेहतर व्यवस्था कराई जाएगी।

इस बैठक में शहरी क्षेत्र के सभी पूजा स्थलों पर दो-दो बड़े डस्टबिन लगाये जाने पर सहमति बनी। वार्ड 18 के पार्षद विश्वपति मिश्र ने शहर की मूलभूत समस्याओं की तरफ सदन का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने शहर में जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज का निर्माण, शहर के प्रमुख चौक इन्दिरा गांधी चौक, मिर्जापुर का सौन्दर्यीकरण व जल जीवन हरियाली से तालाबों का सौन्दर्यीकरण करवाने की मांग की।

Advertisement

वार्ड 45 के पार्षद देव कृष्ण झा ने शहरी क्षेत्र के तालाबों की बंदोबस्ती नगर निगम के माध्यम से करवाने की मांग बोर्ड की बैठक में रखी। उन्होंने कहा कि जब तालाब की सफाई का खर्च नगर निगम करता है तो इसका बंदोबस्त मत्स्य विभाग क्यों करेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि नगर निगम की रीढ़ हैं वहां के सफाई कर्मी। दिवाली, छठ जैसे पर्व के दिन भी वे सफाई करते हैं। निजी कंपनियों के तर्ज पर नगर निगम के सफाई कर्मियों को भी बोनस मिलना चाहिए। इसका समर्थन बोर्ड के सभी सदस्यों ने किया।

Advertisement

वार्ड 35 की पार्षद पिंकी देवी ने सड़क से डस्टबिन चोरी हो जाने की शिकायत महापौर से की। उन्होंने वार्ड के चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने का आग्रह किया। वार्ड 24 के पार्षद खलीकुजम्मा ने नगर निगम का कार्य सुचारू रूप से चलने के लिए निगम के कर्मचारियों का टेबल ट्रांफर कर देने का सुझाव रखा। महापौर अंजुम आरा ने बताया कि बैठक बुलाने का मुख्य उद्देश आगामी पर्व में बेहतर सफाई सहित शहरी क्षेत्र के विकास के लिए अन्य योजनाओं का क्रियान्वयन करना था। सभी पार्षदों ने अपनी राय साझा की व वार्ड की समस्याओं से अवगत कराया। सभी समस्याओं को संबंधित विभाग के अधिकारियों को नोट करा दिया गया है। पर्व शुरू होने से पूर्व लाइट, पीने के पानी और साफ-सफाई की बेहतर व्यस्था करवाई जायेगी।

नगर आयुक्त राकेश गुप्ता ने कहा कि बोर्ड की बैठक में दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पर्व में साफ-सफाई को लेकर विशेष चर्चा की गयी। सड़क व नालों की समुचित सफाई, खराब एलईडी लाइट की मरम्मत व तालाबों की सफाई सहित कई अन्य मुद्दों पर विचार किया गया। कई वार्ड पार्षदों ने अपने वार्ड से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। सभी वार्डों की समस्याओं का जल्द ही निदान किया जायेगा।

Share

Check Also

थानाध्यक्ष पर जबरन जमीन कब्जा करवाने का आरोप, एसएसपी से लगाई गुहार।

दरभंगा: किसी भी प्रकार की घटना घटने पर आमजनों केलिए स्थानीय थाना सुरक्षा एवं न्याय का प्रथ…