Home Featured मखाना केलिए पंचायत स्तर पर की जाएगी भंडार गृह की व्यवस्था: कृषि मंत्री।
November 2, 2022

मखाना केलिए पंचायत स्तर पर की जाएगी भंडार गृह की व्यवस्था: कृषि मंत्री।

दरभंगा: मखाना किसानों की बड़ी समस्या इसके संग्रहण की है। स्थानीय स्तर पर भंडार गृह नहीं होने के कारण वे इसका भंडारण नहीं कर पाते हैं और बड़े व्यवसायी इसका लाभ उठाकर सस्ते मूल्य पर मखाना खरीद लेते हैं। इसके लिए विभग की ओर से पंचायत स्तर पर भंडार गृह की व्यवस्था की जाएगी।

उपरोक्त बातें बिहार के कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत ने कही। वे बुधवार को शहर के दिल्ली मोड़ स्थित मखाना अनुसंधान केंद्र का अवलोकन कर रहे थे। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले दो से तीन वर्षों में मखाना की कीमत में गिरावट आई है। इससे हमारे मखाना किसानों में मायूसी है। इसके लिए 28 एवं 29 नवम्बर को बापू सभागार, पटना में सेमिनार का आयोजन किया गया है, जिसमें अन्य राज्यों से मखाना के बड़े-बड़े व्यापारियों को बुलाया गया है। इस सेमिनार में हम जानना चाहेंगे कि किस तरह मखाना के किसानों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाया जा सकता है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि यहां उन्होंने जिस मशीन का अवलोकन किया है, उसे कृषि यांत्रिकीकरण मशीनों में शामिल किया जाएगा, ताकि किसानों को सब्सिडी पर यह मशीन उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि किसानों की एक अन्य समस्या उर्वरक की रहती है। कृषि विभाग के अधिकारियों के रहने के बावजूद उर्वरक की कालाबाजारी की शिकायत मिलती रहती है। उन्होंने यह महसूस किया है कि जो व्यवासायी (सीएनएफ) केन्द्र सरकार से उर्वरक लेते हैं वे नियम का पालन नहीं करते हैं और प्रखंड स्तर के डीलर को ऊंची कीमत पर उर्वरक देते हैं। इसके लिए राज्य स्तरीय विभागीय उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है, जो अचानक रैक प्वाइंट पर छापेमारी करेगा। छापेमारी में सीएनएफ वाले भी अगर पकड़े जाते हैं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

इससे पहले उन्होंने मखाना अनुसंधान केन्द्र का निरीक्षण कर मखाना की खेती व उत्पादन प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने मखाना अनुसंधान केन्द्र के अध्यक्ष डॉ. इन्दु शेखर सिंह को कई निर्देश दिये।

केन्द्र के निरीक्षण के बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ मखाना उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए केन्द्र के अध्यक्ष डॉ. इन्दु शेखर सिंह, संयुक्त निदेशक (शस्य) चन्द्रशेखर सिंह, डीएओ संजय सिंह एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की।

Share

Check Also

डीलक्स शौचालय में फंदे से लटकी मिली अधेड़ की लाश, नहीं हो सकी है शव की शिनाख्त।

दरभंगा: रेलवे स्टेशन परिसर के डीलक्स शौचालय में बुधवार की रात एक अज्ञात व्यक्ति का शव खिड़…