Home Featured मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के संग की विकास योजनाओं की समीक्षा, दिए कई निर्देश।
January 12, 2023

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के संग की विकास योजनाओं की समीक्षा, दिए कई निर्देश।

दरभंगा: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समाधान यात्रा के क्रम में गुरुवार को समाहरणालय परिसर स्थित अंबेडकर सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें उन्होंने दरभंगा जिले में विभिन्न विभागों की ओर से चलाए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी ली।

बैठक में जिले के विधायक, विधान पार्षद तथा विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव व सचिव शामिल हुए। डीएम राजीव रौशन ने जिले में विभिन्न विभागों के माध्यम से चल रही विकास योजनाओं के संबंध में जानकारी दी। जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की समस्याएं रखीं। जनप्रतिनिधियों की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना पर विशेष ध्यान दें। यह छात्रों के हित में है। यह पेंडिंग नहीं रहे। मुख्यमंत्री उद्यमी योजना का लाभ अधिक लोगों को मिल सके, इसे और अधिक प्रचारित कराएं। हम चाहते हैं कि जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं की और तरक्की हो। जीविका समूहों की संख्या भी बढ़े और उनकी आमदनी भी बढ़े। 10 लाख से ज्यादा जीविका समूहों का गठन हो चुका है जिससे एक करोड़ 30 लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। शिक्षक सरकारी विद्यालयों में ठीक ढंग से पढ़ा रहे हैं कि नहीं यह देखने की जिम्मेवारी हमने जीविका को दी है। जो शिक्षक ठीक से नहीं पढ़ाएंगे जीविका दीदी उनकी रिपोर्ट डीएम को देंगी। शिक्षकों का तनख्वाह हमलोग अच्छा कर दिए हैं इसलिए उन्हें बच्चों को पढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए।

सीएम ने कहा कि छूटे हुए जो भी गांव और टोले हैं उनकी संपर्कता मुख्य सड़क से करें। हर घर तक नल का जल और हर घर तक पक्की गली एवं नाली का निर्माण कराया गया है, वह मेंटेन रहे। इसका विशेष ध्यान रखें। गांव में सोलर लाइट हमलोग लगवा रहे हैं। इससे ग्रामीण काफी खुश हैं। उच्चतर शिक्षा हेतु महिलाओं को मिलनेवाली प्रोत्साहन राशि का भुगतान समय पर हो, इसका ध्यान रखें। चौर क्षेत्र के विकास पर ध्यान दें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दरभंगा में एम्स के लिए जमीन चिन्हित कर दी गयी है। इसका निर्माण कार्य जल्द शुरू हो जायेगा। एम्स के अलावा दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का भी पीएमसीएच की तरह विस्तार किया जायेगा, जिससे लोगों को चिकित्सा में और सहूलियत होगी। डीएम श्री रौशन ने मुख्यमंत्री को पौधा एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत किया।

Share

Check Also

मतदाता फोटो पर्ची वितरण कार्य में लाएं तेजी: डीएम।

दरभंगा: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- जिलाधिकारी राजीव रौशन ने कहा कि जिले में शत प्रतिशत मत…