Home Featured शराब की सूचना पर छापेमारी के लिए गयी उत्पाद विभाग की टीम पर जानलेवा हमला।
January 22, 2023

शराब की सूचना पर छापेमारी के लिए गयी उत्पाद विभाग की टीम पर जानलेवा हमला।

देखिए वीडियो भी।

देखिए वीडियो भी 👆

दरभंगा: जिले में शराब तस्करों का मनोबल बढ़ता ही जा रहा है। अब वे पुलिस पर भी हमला करने से पीछे नहीं हट रहे हैं। ऐसा ही एक मामला रविवार की शाम विशनपुर थानाक्षेत्र के बरकी डिलाही गांव में सामने आया। यहां देसी शराब बनाने और बेचने की शिकायत पर उत्पाद विभाग की टीम छापेमारी के लिए गई थी। इसी दौरान टीम पर हमला कर दिया गया। इसमें उत्पाद विभाग के आधा दर्जन जवान घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज डीएमसीएच इमरजेंसी में चल रहा है।

घायल जवानों ने बताया कि उत्पाद विभाग की टीम ने एक महिला को घर के चूल्हे पर देसी शराब बनाते रंगेहाथ पकड़ लिया। आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग की टीम ने जब उस महिला को ले जाने के लिए अपनी गाड़ी में बिठाया तो अचानक ग्रामीण उग्र हो गए और टीम की सभी चार गाड़ियों को घेर लिया। इसके बाद वे ईंट-पत्थर चलाने लगे।

Advertisement

इसमें उत्पाद विभाग के छह जवान घायल हो गये। हमले में एएसआई संजीत कुमार पासवान का बायां कान कट गया है। उसकी गर्दन में भी चोट है। वाहन चालक सोनू रजक और गंगा यादव को सिर में चोट लगी है। गृहरक्षक बल सुधीर चौपाल को सीने में चोट लगी है। आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह डिलाही निवासी गोविंद पासवान की पत्नी आशा देवी है।

छापेमारी में शामिल उत्पाद विभाग के सहायक अवर निरीक्षक संतोष झा ने बताया कि हमले में विभाग के छह अधिकारी, सिपाही और चालक जख्मी हुए हैं। साथ ही चार गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। हमले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। उन्होंने कहा कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी। उसी के आधार पर बिसनपुर थाना क्षेत्र के डिलाही गांव में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी के लिए टीम गयी थी। वहां आशा देवी नाम की एक महिला को शराब बनाते पकड़ा गया। उसके पास से 25 लीटर से अधिक देसी चुलाई शराब बरामद की गयी। वहां शराब तस्करों के इशारे पर स्थानीय लोगों ने टीम पर हमला किया।

उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि इस घटना में सहायक अवर निरीक्षक गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। उनका बायां कान कट गया है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा इस घटना में अन्य पुलिस कर्मियों को भी चोटें आई हैं। उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना विभाग के बड़े अधिकारियों को दे दी गयी है।

Share

Check Also

एम्स निर्माण को स्वीकृति मिलने पर सांसद ने व्यक्त किया हर्ष, कहा – आठ करोड़ मिथिलावासी होंगे लाभान्वित।

दरभंगा: एम्स निर्माण का जल्द शुरू होने के लिए केंद्रीय टेक्निकल टीम के निरीक्षण रिपोर्ट के…