Home Featured हंगामेदार रही जिला परिषद की इस वर्ष की पहली सामान्य बैठक।
February 13, 2023

हंगामेदार रही जिला परिषद की इस वर्ष की पहली सामान्य बैठक।

दरभंगा: जिला परिषद की सामान्य बैठक सोमवार को काफी हंगामेदार रही। बैठक की कार्यवाही जिप अध्यक्ष रेणु देवी के संबोधन से शुरू हुई। जिप अध्यक्ष ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि हमारे कार्यकाल का एक वर्ष एक महीना 10 दिन होने वाले है। हमारे कार्य क्षेत्र में 29 विभाग हैं लेकिन जब जिप सदस्यों की बैठक होती है तो अधिकतर विभागों के कर्मी और अधिकारी गायब रहते हैं जो ठीक नहीं है।

अध्यक्ष ने बैठक से अनुपस्थित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी को दिया। उसके बाद उन्होंने जिप सदस्यों से कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में सभी पार्षदों को समान रूप से पंचम, षष्ठम व 15वीं मद की राशि क्षेत्र के विकास के लिए दिये हैं। साथ ही बहेड़ी डाक बंगला, कमतौल में जिला परिषद की जमीन पर व्यावसायिक भवन व अल्लपट्टी में व्यावसायिक भवन सहित अन्य कई कार्य किये हैं।

Advertisement

जिप उपाध्यक्ष ललिता झा ने पूर्व की बैठक की संपुष्टि व अनुमोदन पर चर्चा करते हुए कहा कि आज तक हुई बैठकों का अब तक अनुपालन नहीं हो सका है। उपाध्यक्ष ने खेद व्यक्त करते हुए कहा कि सभागार में सिर्फ बैठक कर खानापूर्ति की जाती है। बैठक से प्रसारित प्रस्ताव या एजेंडों पर ना कोई कार्य होता है ना कोई अनुपालन। इसलिए बैठक के नाम पर सरकारी राशि का जो दुरुपयोग किया जा रहा है उसे तत्काल बंद कर देना चाहिए।

वर्ष 2023 की पहली सामान्य बैठक में जिप सदस्यों के निशाने पर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी रहे। अधिकतर जिप सदस्यों ने उनकी कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त की। जिप सदस्य नंद किशोर झा बेचन ने कहा कि जबसे मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी ने जिला परिषद का प्रभार लिया है, नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। पार्षदों के मान-सम्मान को ठेस पहुंचायी जा रहा है। बेनीपुर से जिप सदस्य धीरज कुमार झा ने कहा कि हम सदन में जो बात रखते हैं वह प्रोसिडिंग में नहीं लिखी जाती है। इसके लिए कौन जिम्मेदार है और किसपर कार्रवाई होगी इसकी जानकारी होनी चाहिए। इसके जवाब में कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि जिला स्तर के पदाधिकारियों पर जिला स्तर से कार्रवाई करना संभव नहीं है। उनके ऊपर कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को लिखा जाएगा।

बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी आलोक कुमार, जिप सदस्य धीरेंद्र मिश्र, स्वतंत्र कुमार झा, अमित ठाकुर, अवधेश कुमार, रंजना कुमारी, सुनीता यादव, दिनेश राम, ओम प्रकाश ठाकुर, मो. हकीकुल, सुमित्रा देवी, हरिमोहन यादव, अमरनाथ शर्मा, सीता देवी आदि ने भाग लिया।

Share

Check Also

गोपालजी ठाकुर ने कराया नामांकन, जनसभा में पहुंचे एनडीए के कई दिग्गज नेता।

दरभंगा: गुरुवार को भाजपा (एनडीए) प्रत्याशी गोपाल जी ठाकुर ने लोकसभा चुनाव को लेकर नामांकन …