Home Featured कर्नाटक चुनाव परिणाम ने देश को दिया बड़ा संदेश: ललन सिंह।
May 13, 2023

कर्नाटक चुनाव परिणाम ने देश को दिया बड़ा संदेश: ललन सिंह।

दरभंगा: जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि कर्नाटक के चुनाव परिणाम से देश को बड़ा संदेश मिला है। वहां भाजपा को 50 फीसदी से भी कम सीट मिलना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि पूरा विपक्ष एकजुट होकर भाजपामुक्त देश बनाने की ओर अग्रसर है।

ये बातें उन्होंने शनिवार को लहेरियासराय के नेहरू स्टेडियम में आयोजित अभिनंदन समारोह सह कार्यकर्ता सम्मेलन में कही। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश, राजस्थान व छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनावों में भी भाजपा को करारी हार झेलनी पड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में बिहार में भाजपा का खाता भी नहीं खुले, इस मिशन के साथ अभी से काम शुरू कर दीजिए।

Advertisement

उन्होंने कहा कि पिछले निकाय चुनाव के दौरान आरक्षण के मुद्दे पर खूब बहस हुई थी। उस समय भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था कि बिहार में बिना आरक्षण के निकाय चुनाव नहीं होगा। श्री सिंह ने कहा कि जातीय गणना जरूरी है। ऐसा होने से सरकार को नीति बनाने में सुविधा होगी। इसके विरोध में हाईकोर्ट में पेटीशन दाखिल किया गया है। लेकिन पेटीशन दाखिल करने वाला व्यक्ति बिहार का नहीं, यूपी के गाजियाबाद का निवासी है। श्री सिंह ने कहा कि लोकतंत्र पर खतरा है। देश की कोई भी संवैधानिक संस्था निष्पक्ष नहीं है। हम लोग भावना भड़काकर वोट नहीं मांगते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में कहा था कि हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार देंगे, मंहगाई कम करेंगे, पर कुछ नहीं हुआ। जनता सवाल नहीं पूछे इसलिए वे लोग धार्मिक उन्माद फैला रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश की खतरनाक स्थिति बनी हुई है। किसी भी संवैधानिक संस्था को स्वतंत्र रूप से काम नहीं करने दिया जा रहा है। चूंकि लोकतंत्र खतरे में है इसलिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार देश के सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से मिल चुके हैं, सबों ने माना है कि विपक्षी एकता समय की मांग है। विपक्षी दलों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को साथ देने का आश्वासन भी दिया है। उन्होंने कहा कि देश में 81 हजार करोड़ का कॉरपोरेट घोटाला हो गया लेकिन प्रधानमंत्री पूरी तरह मौन हैं। श्री सिंह ने कहा जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का खुलासा गंभीर है। उन्हें भाजपा ने ही नियुक्त किया था। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को शहीदों के परिजनों से माफी मांगनी चाहिए।

Advertisement

पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कर्पूरी ठाकुर, डॉ. लोहिया, जेपी एवं डॉ. आंबेडकर के सिद्धांतों पर चलने वाले नेता हैं। बिहार की तरक्की के लिए उन्होंने काफी काम किये हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से किये जा रहे कार्यों से कार्यकर्ताओं को अवगत कराया। समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने अतिपिछड़ा कार्यकर्ताओं की अलग टीम बनाने की जरूरत बतायी। विधानसभा के उप सभापति महेश्वर हजारी ने कार्यकर्ताओं से गुटबाजी से दूर रहते हुए संगठित होकर पार्टी के लिए काम करने की अपील की। सम्मेलन को पूर्व सांसद मो. अली अशरफ फातमी, जदयू जिलाध्यक्ष गोपाल मंडल, बेनीपुर विधायक प्रो. विनय चौधरी आदि ने भी संबोधित किया। मंच संचालन जिलाध्यक्ष गोपाल मंडल ने किया। कार्यक्रम में जदयू नेत्री ललिता झा, पूर्व एमएलसी प्रो. दिलीप चौधरी, पूर्व विधायक रामनिवास प्रसाद, प्रदेश सचिव सुनील भारती साहनी, नगर जिला अध्यक्ष माधव झा, एजाज अख्तर खां रूमी, शंभू नाथ झा, शशि पटेल आदि थे।

उधर, दरभंगा मुजफ्फरपुर उच्च पथ 27 अप्रैल बिठौली चौक के पास जदयू कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा का भव्य स्वागत किया।

Share

Check Also

रंजीत यादव बने किरतपुर के नये प्रखंड प्रमुख।

  दरभंगा: जिले के किरतपुर प्रखण्ड में वर्तमान प्रमुख रेखा देवी को हराकर रंजीत यादव नय…