Home Featured नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर किया लूटपाट, वृद्ध के साथ की मारपीट।
3 weeks ago

नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर किया लूटपाट, वृद्ध के साथ की मारपीट।

दरभंगा: अतरबेल भरवाड़ा पथ किनारे सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र की नगर पंचायत सिंहवाड़ा के उत्तरी भाग में शनिवार की देर रात नकाबपोश चार बदमाशों ने दो घरों में ताला तोड़कर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। लूटपाट के दौरान घर के बरामदे में सो रहे रखवाले वृद्ध का हाथ बांधकर उसके साथ मारपीट की गई। पिस्टल के कूंदे से रखवाले रामेश्वर पासवान के माथे पर हमला कर लहूलुहान कर दिया गया। बदमाशों ने घर के अंदर पांच गोदरेज अलमीरा का ताला तोड़कर घटना को अंजाम दिया।

Advertisement

इस दौरान अलमीरा में रखे सामान को कमरे में फैला दिया। घटना की सूचना पर सदर एसडीपीओ टू कमतौल ज्योति कुमारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष मनोज कुमार के नेतृत्व में एफएसएल व स्वान दस्ता ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले का अनुसंधान शुरू कर दिया है। स्वान दस्ता घर के पीछे बगीचे की ओर जाकर नदी किनारे से होते हुए वापस मुख्य सड़क पर आकर दमन जी के पोखर से कुछ पहले जाकर रुक गया। बताया गया है कि गृहस्वामी रविशंकर ठाकुर व प्रेम कुमार के घर में बदमाश घुसे थे। दोनों घर वाले बाहर रहते हैं। घर की रखवाली रामेश्वर पासवान व उसका भाई करते हैं। लूटपाट कितने की हुई है गृहस्वामी के आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना को लेकर जख्मी रामेश्वर पासवान के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Advertisement

उसने पुलिस को बताया है कि 30 वर्षों से वह रविशंकर ठाकुर के घर की रखवाली करता है। शनिवार व रविवार की मध्य रात्रि बरामदे में सोए हुए थे। रात्रि 1 बजे बरामदे के ग्रिल का ताला तोड़कर चार नकाबपोश बदमाश अंदर घुसे। सभी ने अपने चेहरे को ढंक रखा था। सिर्फ उनकी आंखें दिखाई पड़ रही थी। बदमाशों ने उसका हाथ पीछे ले जाकर बांधकर उसे बिस्तर पर ही दबा दिया जब वह चिल्लाने लगा तो कंबल से उसका मुंह ढंक दिया। 3 बदमाश कमरे में घुसकर गोदरेज अलमीरा का ताला तोड़कर लूटपाट करने लगे। बदमाश आपस में मैथिली में बात कर रहे थे। घटना को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। रखवाला रामेश्वर किसी तरह कैंपस से बाहर निकलकर सड़क की दूसरी तरफ गृहस्वामी के फरीक शेषनाथ ठाकुर को आवाज देकर बुलाया।

Advertisement
Share

Check Also

भीषण ठंड के कारण पुनः बढ़ाई गई आठवीं कक्षा तक की छुट्टी।

दरभंगा: जिले में ठंड का मौसम और कम तापमान विशेष रूप से सुबह और शाम के समय में जारी है, जिस…