Home Featured दोनों युवतियां बालिग, कोर्ट ने किया स्वेच्छा से जाने को मुक्त।
December 24, 2021

दोनों युवतियां बालिग, कोर्ट ने किया स्वेच्छा से जाने को मुक्त।

दरभंगा: जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव से तथाकथित अपरहण के एक मामले में पुलिस द्वारा कोलकाता से बरामद दो चचेरी बहनों को अदालत ने स्वेच्छा से कहीं भी जाने के लिए मुक्त कर दिया है। अदालत ने दोनों युवतियों को बालिग पाते हुए शुक्रवार को उक्त आदेश पारित किया है।

दोनों लड़कियों ने कोर्ट से सुरक्षा की मांग की थी। इसे देखते हुए उन्हें महिला थाने में रखा गया है। इस दौरान न्यायालय परिसर के आसपास कुछ देर के लिए तनाव बढ़ गया था। काफी संख्या में पुलिस के जवानों ने आकर मामले को शांत कराया।

Advertisement

विदित हो कि गुरुवार को इस मामले में दोनों तथाकथित अपहर्ताओं सहित अपहृताओं को पुलिस ने कोलकाता से बरामद कर दरभंगा न्यायालय में प्रस्तुत किया था। दोनों लड़कियों का बयान धारा 164 के तहत गुरुवार को ही दर्ज किया गया था। न्यायालय ने अनुसंधानक द्वारा अपहृताओं की चिकित्सकीय जांच कराने के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया। न्यायिक दंडाधिकारी घृजेन्द्र पतंजलि ने युवतियों की शैक्षणिक योग्यता का प्रमाणपत्र देखने के बाद दोनों को बालिग मानते हुए स्वेच्छा से जाने को स्वतंत्र कर दिया है।

बता दें कि सिंहवाड़ा प्रखंड के एक गांव से गत 15 दिसंबर को इन दोनों लड़कियों का कथित रूप से अपहरण कर लिया गया था। इस मामले में लड़की के पिता ने सिंहवाड़ा थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। एफआईआर में अज्ञासपुर निवासी मो. गालिब व मो. शाहिद को नामजद किया गया था। दोनों लड़कियों को कोलकाता से बरामद करने के बाद पुलिस ने कोर्ट में प्रस्तुत किया था। वहां से उन्हें महिला पुलिस की अभिरक्षा में भेज दिया गया था। इस दौरान कोर्ट परिसर के बाहर मीडिया से बात करते हुए दोनों लड़कियों की मां ने आरोपित दोनों युवकों पर लड़कियों का धर्म परिवर्तन कर शादी करने का आरोप लगाया था। दोनों लड़कियों की मां ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी लड़की को बहला-फुसलाकर दोनों लड़के लेकर भाग गये। उन्होंने दोनों लड़कियों का धर्म परिवर्तन कर उनसे शादी रचा ली है। गिरफ्तार किये गए दोनों युवक फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

Share

Check Also

शराबी बेटे की हरकतों से तंग आकर पिता ने बेटे को किया पुलिस के हवाले।

दरभंगा: घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के शिवनगरघाट गांव निवासी देवचंद्र झा ने अपने शराबी बेटे की…