ईद-उल-फितर को लेकर 459 स्थलों पर हुई 1000 से अधिक दण्डाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति।
दरभंगा: ईद-उल-फितर को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। 459 स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल और लाठी बल की तैनाती की गई है। यह त्योहार 31 मार्च या 1 अप्रैल को मनाया जाएगा। तारीख चांद दिखने पर तय होगी।

जिला दंडाधिकारी राजीव रौशन और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने संयुक्त आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि सभी थानाध्यक्ष, ओपी अध्यक्ष और पुलिस पदाधिकारी अपने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखें। अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी अफसरों की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी गई हैं।

प्रशासन ने निर्देश दिया है कि सभी ईदगाहों और मस्जिदों का भौतिक सत्यापन किया जाए। नमाज स्थलों के आसपास के रास्तों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। नमाज से एक दिन पहले से ही पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। थाना स्तर पर नियंत्रण कक्ष बनाया जाए। वहां पर्याप्त संख्या में अफसर, बल, बम स्क्वॉड और आंसू गैस दस्ता मौजूद रहेगा।
शांति समिति की बैठक कर दोनों समुदायों के प्रमुख लोगों को शामिल किया जाएगा। साम्प्रदायिक तनाव की आशंका वाले इलाकों में पहले से सूची तैयार की जाएगी। ऐसे लोगों पर नजर रखी जाएगी। पर्व के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ेगी, वहां भी प्रशासनिक सतर्कता बरती जाएगी।

सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई होगी। असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बाहर से बड़ी संख्या में सशस्त्र बल बुलाए गए हैं। हर कोने पर पुलिस की तैनाती की गई है।
जिला नियंत्रण कक्ष 31 मार्च से 1 अप्रैल तक सक्रिय रहेगा। इसका नंबर 06272-240600 है। इसका प्रभार उप विकास आयुक्त चित्रगुप्त कुमार को सौंपा गया है। अग्निशमन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि एक अग्निशमन दल को नियंत्रण कक्ष में तैनात करें।
सभी अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने क्षेत्र में विधि व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे। सभी दंडाधिकारी और पुलिस बल अपने तैनाती स्थल पर भ्रमणशील रहेंगे। थाना, ओपी और गश्ती दल को भी लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है।
दो समुदायों के बीच हुए आपसी झड़प मामले में दोनों पक्षों से तीन-तीन गिरफ्तार।
दरभंगा: कुशेश्वरस्थान थाना अंतर्गत केवटगामा पछियारी में दो समुदायों के बीच हुई आपसी झड़प के…