Home Featured कुशेश्वरनाथ मंदिर में चोरी करने की नीयत से आयी दो महिला चोरों को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
November 28, 2022

कुशेश्वरनाथ मंदिर में चोरी करने की नीयत से आयी दो महिला चोरों को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

दरभंगा: बाबा कुशेश्वरनाथ शिव मंदिर में चोरी करने की नीयत से आयी दो महिला चोरों को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। महिला चोरों की पहचान रोसड़ा थाने के हिरमियां निवासी जितेन्द्र साह की पत्नी राजो देवी व इसी थाने के हनुमाननगर निवासी राम गुनी साह की पत्नी सोनी देवी के रूप में हुई है।

रिश्ते में दोनों महिलाएं एक ही परिवार की चाची-भतीजी हैं। जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार दोनों महिला चोर रविवार को मंदिर में पूजा करने आई। कुशेश्वरस्थान थाने के भदौल निवासी रमेश राय की पत्नी राम कुमारी देवी के गले से सोने की दो जितिया चकती पर उन्होंने हाथ साफ कर दिया था। इसकी लिखित शिकायत पीड़िता ने स्थानीय थाने में दी थी। शिकायत मिलने पर थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला।

इसमें गिरफ्तार दोनों महिला चोरों को सोने की चकती पीड़िता के गले से निकालते हुए देखा गया। दोनों महिलाओं की पहचान को गुप्त रखते हुए थाना अध्यक्ष ने रविवार को मंदिर के चप्पे-चप्पे पर सादे लिबास में पुलिस को तैनात कर दोनों को गिरफ्तार करने के लिए जाल बिछा दिया। पुलिस की रणनीति से अनभिज्ञ दोनों महिला चोरों ने चोरी करने की नीयत से जैसे ही मंदिर में प्रवेश किया, पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। दोनों को थाने पर लाकर गहन पूछताछ करने पर उन्होंने रविवार की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

Advertisement

दोनों को पुलिस गिरफ्त में होने की सूचना उनके परिवारजनों को देते हुए थाने पर बुलाया गया है। पुलिस चोरी की चकती बरामद करने के लिए दोनों चोरों से गहन पूछताछ कर रही है। थाना ध्यक्ष श्री कुमार ने बताया कि दोनों महिला चोरों को 2017 में भी मंदिर में चोरी करते पकड़ा गया था। उस मामले को लेकर कुशेश्वरस्थान थाने में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को जेल भेजा गया था। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर भी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। दोनों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया जाएगा।

Share

Check Also

दरभंगा में ही बनेगा बिहार का दूसरा एम्स : मुख्यमंत्री।

दरभंगा: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को पोखरभिंडा में एनडीए के भाजपा प्रत्याशी डॉ. गो…