Home Featured बच्चों ने शहर में प्रभात फेरी निकाल कर दिया जागरूकता का संदेश।
January 11, 2020

बच्चों ने शहर में प्रभात फेरी निकाल कर दिया जागरूकता का संदेश।

दरभंगा: जल-जीवन-हरियाली, नशा मुक्ति, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा उन्मूलन अभियान के समर्थन में आगामी 19 जनवरी को बनने वाली मानव श्रृंखला में भाग लेने के लिए स्कूली बच्चों द्वारा प्रभातफेरी निकालकर शहरवासियों को जागरूकता का संदेश दिया गया।
इस प्रभातफेरी में हैकॉक इंस्टीट्यूशन, मध्य विद्यालय बंशीदास कन्या, मध्य विद्यालय दुमदुम्मा, आदर्श मध्य विद्यालय, के.के. लाल मध्य विद्यालय, स्वर्णलता खड़गा मध्य विद्यालय, मध्य विद्यालय, खाजासराय, मध्य विद्यालय, पंडासराय, मध्य विद्यालय, राय साहब पोखर, एम.के.पी. विद्यापति उच्च विद्यालय आदि विद्यालयों के 500 से अधिक छात्र/छात्राओं ने अपने अपने स्कूल ड्रेस में हाथ में बैनर / प्लेकार्ड थामे हुए जल-जीवन-हरियाली अभियान के संदेश को प्रसारित किया।
यह रैली पोलो मैदान से निकलकर लोहिया चौक, कमर्शियल चौक, लहेरियासराय टावर, समाहरणालय होते हुए पुनः पोलो मैदान में समाप्त हुआ।
रैली को उप विकास आयुक्त डॉ. कारी प्रसाद महतो द्वारा नेहरू स्टेडियम से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। उन्होंने रैली में भाग लेने वाले बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन का दुष्प्रभाव सभी पर पड़ रहा है। शहर से लेकर गाँव तक पानी की कमी हो गई है। कभी अत्यधिक वर्षा से बाढ़ की विभीषिका उत्पन्न हो जाती है तो कभी सूखे की मार झेलनी पड़ रही है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा जल-जीवन-हरियाली अभियान चलाया जा रहा है।
जल-जीवन-हरियाली अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से ही 19 जनवरी, 2020 को राज्यव्यापी मानव श्रृंखला का निर्माण किया जा रहा है। इस श्रृंखला में सभी लोगों की भागीदारी जरूरी है, तभी यह अभियान सफल हो पायेगा। उन्होंने बताया कि पर्यावरण संतुलन के लिए हरित आवरण को बढ़ाने की नितांत आवश्यकता है, वहीं भू-गर्भ जल स्तर को बनाये रखने के लिए वर्षाजल का संचयन जरूरी है। यह हमारी आने वाली पीढ़ी के अस्तित्व को बचाने के लिए जरूरी है। इसलिए इस महाअभियान में सभी स्त्री/पुरूष, बच्चें एवं बड़ो को जुड़ना होगा तभी हमारा जीवन सुरक्षित रहेगा।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी डॉ. महेश प्रसाद सिंह, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी संजय देव कन्हैया, सुनील कुमार आदि ने भी जल-जीवन-हरियाली अभियान के संबंध में जागरूकता फैलाने हेतु विस्तार से प्रकाश डाला।

Share

Check Also

भीषण गर्मी को देखते हुए मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा की गई प्याऊ की व्यवस्था।

दरभंगा: भीषण गर्मी के साथ चिलचिलाती एवं धूप वाली गर्म हवाओं का असर सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाक…