Home Featured पुलिस की पहल पर हुई अंतरजातीय प्रेमी जोड़े की शादी।
November 27, 2022

पुलिस की पहल पर हुई अंतरजातीय प्रेमी जोड़े की शादी।

दरभंगा: पुलिस हस्तक्षेप के बाद रविवार को एक प्रेमी युगल परिणय सूत्र में बंध गए। इससे पहले पुलिस ने मामले की गहन छानबीन कर प्रेमी जोड़े के परिजनों को समझाया और बात बन गयी। इसे लेकर पूरे दिन थाने पर प्रेमी युगल और दोनों के परिजनों के बीच हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने जांच के दौरान प्रेमी युगल के बालिग होने का सबूत मिल जाने पर दोनों परिवारों के सदस्यों के समक्ष प्रेमी युगल की शादी करा देने का प्रस्ताव रखा। अंतरजातीय होने के कारण इनके परिवार के लोग शादी करने के लिए सहमत नहीं हो रहे थे। इस बात को लेकर दिनभर ना-नुकुर होता रहा। काफी मान-मनौवल के बाद अंत में दोनों परिवार शादी के लिए राजी हुए। थाने पर ही शादी की तैयारी शुरू हुई। दोनों परिवारों ने मिल-जुलकर शादी के लिए आवश्यक सामग्री की खरीदारी की और चट मंगनी, पट ब्याह के तर्ज पर स्थानीय शिव मंदिर में बाबा कुशेश्वरनाथ को साक्षी मानकर विवाह की रस्म पूरी कर प्रेमी युगल चंचल और विकास एक-दूजे के हो गये।

Advertisement

जानकारी के अनुसार बिरौल थाना क्षेत्र के रसलपुर निवासी अरुण झा के पुत्र विकास झा एवं कुशेश्वरस्थान थाने के हरौली निवासी शंकर कमती की पुत्री चंचल कुमारी का काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात की जानकारी दोनों के परिजनों को हुई तो घर वालों ने दोनों पर अपने-अपने स्तर से सख्ती बढ़ा दी। लेकिन मोबाइल फोन से दोनों के बीच बातचीत होती रही। परिजनों की ओर से बंदिश लगने पर दोनों ने अलग दुनिया बसाने का निर्णय लेकर घर से भागने का फैसला किया। घर से भागकर वे शनिवार की देर रात बेर चौक पर पहुंचे। इसी बीच थाने के एसआई जयप्रकाश साह के नेतृत्व में गश्ती दल ने प्रेमी युगल को संदिग्ध हालात में देख कर पूछताछ की। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दोनों को थाना पर लाकर सख्ती से पूछताछ की गई तो दोनों ने सारी बातें सच-सच बताते हुए अपना पूरा परिचय दिया। पूरी जानकारी मिलने के बाद थाना अध्यक्ष श्री कुमार ने दोनों परिवारों को सूचना देकर थाने पर बुलाया और शादी का प्रस्ताव रखा। इसे अंत में दोनों परिवारों ने स्वीकार कर शाम में मंदिर में शादी का रस्म पूरी की और दुल्हन खुशी-खुशी अपने पिया के घर विदा हुई। इस दौरान दिनभर थाना एवं मंदिर परिसर में प्रेमी युगल को देखने के लिए लोगों का तांता लगा रहा।

Share

Check Also

जानलेवा हमला करने मामले में युवक दोषी करार।

दरभंगा। दरभंगा न्याय मंडल के अनुसूचित जाति/जनजाति अधिनियम के विशेष न्यायाधीश शैलेंद्र कुमा…