Home Featured दो दिवसीय 30वीं पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ।
December 31, 2022

दो दिवसीय 30वीं पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ।

दरभंगा: शहर के लक्ष्मीश्वर पब्लिक लाइब्रेरी में रंग-बिरंगे फूलों की बगिया लोगों का मन मोहने लगी है। शनिवार को यहां दो दिवसीय 30वीं पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। इसका उद्घाटन नॉर्थ विहार हॉर्टिकल्चर सोसायटी के सदस्यों ने सामूहिक रूप से किया। मुख्य अतिथि पटना से आए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मुख्य मुख्य सलाहकार और पूर्व प्रमुख सचिव अंजनी कुमार सिंह थे।

सम्मानित अतिथि के रूप में नगर विधायक संजय सरावगी, एनसीसी के कमांडेंट कर्नल केके रेड्डी, दिल्ली से आए पर्यावरणविद अनिल कुमार भल्ला व भागलपुर से चंद्रशेखर सिंह थे। अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि मिथिला की धरती पर इस प्रकार के भव्य पुष्प मेले का आयोजन लगातार किया जाना बहुत बड़ी उपलब्धि है और यह प्रकृति की सच्ची सेवा है। उन्होंने कहा कि अन्य स्थानों पर जो भी छोटी-मोटी प्रदर्शनी बिहार में होती भी है तो उसका आयोजन सरकार द्वारा किया जाता है। लेकिन उद्यान समिति द्वारा निजी स्तर पर ऐसे आयोजन की जितनी भी प्रशंसा की जाए वह कम है। यह भव्य आयोजन मुझे काफी उत्साहित कर रहा है।

Advertisement

नगर विधायक संजय सरावगी ने कहा कि यह प्रदर्शनी मिथिला की पहचान बन गई है और यह मिथिला का गौरव है। उन्होंने कहा कि फूल और पौधे हमें तनाव से मुक्ति दिलाते हैं इसीलिए हमें पौधरोपण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में इस इलाके में अधिक गर्मी अथवा अधिक ठंड की समस्या पैदा हो रही है। अत तापमान संतुलन के लिए भी पौधरोपण काफी जरूरी है। उत्तरी विहार उद्यान समिति इस दिशा में लगातार सकारात्मक प्रयास कर रही है। आने वाले दिनों में हमें इसके और अच्छे परिणाम देखने को मिलेंगे।

पुरस्कार वितरण समारोह में दिल्ली से आए पुष्प प्रेमी और राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त अनिल भल्ला ने कहा कि गंदगी, प्रदूषण और पानी की कमी आज बड़ी समस्या के रूप में हमारे सामने है। पौधरोपण के माध्यम से हरियाली लाकर हम एक साथ इन तीनों समस्याओं का हल निकाल सकते हैं। उन्होंने पुष्प प्रदर्शनी में आए प्रकृति प्रेमियों से अपील की कि वे हर साल पांच से 10 पौधे लगाएं। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य डॉक्टर, शिक्षाविद व व्यवसायी उपस्थित थे। सुबह से ही पुष्प प्रेमियों ने प्रदर्शनी का जमकर लुफ्त उठाया। इससे पहले समिति की अध्यक्ष लता खेतान ने अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि पर्यावरण बचेगा तो मानवता और पशु-पक्षी सुरक्षित रहेंगे। इसे संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। मौके पर स्कूली बच्चों को चित्रकला, ट्रे गार्डेनिंग और फ्लावर पॉट प्रतियोगिता के लिए पुरस्कार दिया गया। समिति के महासचिव विनोद कुमार सरावगी ने कहा कि यह 30वीं पुष्प प्रदर्शनी हमारे सभी सदस्यों के अथक परिश्रम के कारण सम्भव हो सकी।

Share

Check Also

पीएम मोदी विकास के पर्याय, देश की जनता करती है अटूट विश्वास : गोपाल जी ठाकुर।

विकसित दरभंगा सहित विकसित राष्ट्र का संकल्प पूरा होकर रहेगा, उक्त बातें दरभंगा सांसद सह भा…