Home Featured महंगा पड़ा सहेली को आश्रय देना, बीपीएससी शिक्षिका बनते ही ले उड़ी सहेली के पति को।
January 17, 2024

महंगा पड़ा सहेली को आश्रय देना, बीपीएससी शिक्षिका बनते ही ले उड़ी सहेली के पति को।

दरभंगा: सुनने में अजीब लगेगा लेकिन बिहार में अजब चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बीपीएससी चयनित एक शिक्षिका जिस घर में किराये पर रुकी थी उसी महिला सिपाही के पति को लेकर फरार हो गई। मामला दरभंगा जिले का है। बताया जा रहा कि जिले की एक महिला सिपाही ने अपने किराये के घर में एक लड़की को रहने के लिए जगह दी थी। हालांकि, उसका ये कदम महिला सिपाही को ही महंगा पड़ गया। मौका देखते ही महिला सिपाही के पति को साथ लेकर शिक्षिका फरार हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब पति का कोई सुराग नहीं मिला तो महिला सिपाही ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

Advertisement

पूरा मामला लहेरियासराय थाना इलाके का है। महिला सिपाही के पति का यूं अचानक फुर्र होना इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। महिला सिपाही ने पुलिस में दिए लिखित आवेदन में कहा कि वह अपने पति और दो साल की बेटी के साथ सैदनगर मोहल्ले में किराए के मकान में रहती थी। सब-कुछ ठीक-ठाक चल रहा था। इस बीच यूपी के वाराणसी जिला स्थित उसके गांव की एक लड़की बीपीएससी शिक्षिका भर्ती के लिए बिहार आई।

Advertisement

महिला सिपाही के मुताबिक, अपने गांव की होने के चलते उन्होंने उस लड़की को अपने घर पर ही रहने की जगह दे दी। उधर, वाराणसी से आई लड़की ने बीपीएससी की परीक्षा पास कर ली। शिक्षिका के तौर पर उसका दरभंगा शहर के एमएल एकेडमी स्कूल में काउंसलिंग हुई। उसे जिले के ही एक मध्य विद्यालय में बतौर शिक्षिका तैनाती भी मिल गई। यहां तक तो सब ठीक था। करीब एक महीने रहने के बाद एक दिन अचानक वो लड़की कहीं चली गई। तभी से महिला सिपाही के पति का भी कोई सुराग नहीं मिल रहा।

Advertisement

महिला सिपाही ने बताया कि अपने गांव की समझ हमने उस लड़की को अपने घर में रहने को जगह दी थी। वो करीब एक महीने तक हमारे साथ रही। अब अचानक लड़की और महिला सिपाही के पति गायब हुए तो बेचारी परेशान हो उठी। पहले तो उसने अपने करीबियों के यहां पति के बारे में जानकारी ली। कुछ पता नहीं चलने पर वो लगातार अपने पति का फोन मिलाने लगी। इसी दौरान एक बार उसकी पति से बात हुई।

महिला सिपाही ने कहा कि उसके पति ने फोन पर बात करते हुए तलाक देने के लिए बोल दिया। अब वह उसी लड़की के साथ जिंदगी बिताने की बात कह रही जिसे महिला सिपाही ने अपने घर पर जगह दी थी। महिला सिपाही के पति ने जल्दी से जल्दी तलाक देने की बात कही है। महिला सिपाही का आरोप है कि शिक्षिका और उसका पिता उसे धमकी भी दे रहे हैं। ऐसी स्थिति में वह अपने दो साल की बेटी को साथ लेकर दर-दर भटक रही है।

पुलिस शिकायत के बाद लहेरियासराय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष कुमार कीर्ति ने बताया कि महिला सिपाही के दिए आवेदन की जांच की जा रही है। इस मामले उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दरभंगा में सामने आए इस मामले में महिला सिपाही का यही कहना है कि उसे अब किसी पर विश्वास नहीं रहा। जिस लड़की को उन्होंने अपने गांव का समझ घर पर रहने की जगह दी वही उसके पति को लेकर फरार हो गई।

Share

Check Also

रिमाइंडर के बाद भी अनुसंधानक को नहीं मिला जख्म प्रतिवेदन तो कोर्ट ने लिया कड़ा एक्शन।

दरभंगा: एक तरफ जहां पुलिस को घटनाओं के अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश लगातार एसएसपी जगु…