Home Featured सिलेंडर लीकेज से लगी आग में महिला झुलसी, बेटी की शादी केलिए रखे चार लाख नगद भी जले।
March 25, 2019

सिलेंडर लीकेज से लगी आग में महिला झुलसी, बेटी की शादी केलिए रखे चार लाख नगद भी जले।

दरभंगा: सदर प्रखंड के मब्बी ओपी के कोठिया गांव वार्ड 10 अवस्थित प्राथमिक विद्यालय के पास सोमवार की दोपहर सिलिंडर के गैस रिसाव से लगी आग से नागेश्वर पंडित के पुत्र सुशील पंडित एवं रामाकांत पंडित के घर जलकर राख हो गये। इससे सिलिंडर विस्फोट कर काफी दूर जा गिरा। इसमें सुमित्रा देवी नाम की महिला बुरी तरह से झुलस गयी। महिला का इलाज डीएमसीएच में किये जाने की जानकारी है। वहीं इस घटना में बेटी की शादी के लिये रखे चार लाख नकद, हजारों के नये फर्नीचर सहित घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे घर में कोई नहीं था। सभी खेत में काम करने गये थे। सिर्फ एक छोटी लड़की थी वह भी बकरी लेकर कहीं बांधने निकल गयी थी। इधर रामाकांत की पत्नी सुमित्रा घर पहुंचकर खाना बनाने लगी। इसी दौरान सिलिंडर से गैस लीक होने लगा, जिसका एहसास महिला को नहीं हो सका। इससे आग पकड़ लिया। कुछ ही पल में आग ने पूरे घर में फैल गयी। इसी बीच आग से गैस सिलिंडर फट गया एवं सुमित्रा इसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गयी। आग की लपट उठते देख ग्रामीण दौड़े। सभी आग बुझाने लग गये।
इसकी सूचना अग्निशामक वाहन को दी गयी। वहीं घटना की जानकारी होने पर मब्बी ओपी अध्यक्ष गौतम कुमार दल-बल के साथ पहुंचे और मदद में जुट गये। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना की जानकारी सीओ अरुण कुमार सक्सेना को भी दे दी गयी है। उन्होंने अपने कर्मचारी को स्थल जांच का आदेश दिया है।
वहीं ग्रामीणों के मुताबिक सुशील पंडित अपनी पुत्री आरती की शादी की तैयारी में जुटे थे। महीनों से सामान जुटा रहे थे। 21 अप्रैल को बेटी की शादी तय थी। शादी का खर्च पूरा करने के लिये उन्होंने जमीन बेची थी। इस पैसे से बेटी की विदाई में देने के लिए पलंग, कुर्सी सहित लकड़ी के सामान खरीद लिये थे। वहीं चार लाख नकद भी संयोग कर रखा था, लेकिन अग्निदेव ने सबकुछ स्वाहा कर दिया।

Share

Check Also

पुलिस की दबिश बढ़ता देख गैंग रेप के आरोपी ने न्यायालय में किया आत्मसमर्पण।

दरभंगा: जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र के एक गांव की 13 साल की नाबालिग के साथ नशीली पदार्थ प…