Home Featured मंत्री ने की बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक एवं कड़े निर्देश।
June 25, 2019

मंत्री ने की बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक एवं कड़े निर्देश।

देखिये बैठक का वीडियो भी।

देखिये बैठक का वीडियो भी👆
दरभंगा: बिहार सरकार के जल संसाधन मंत्री संजय झा ने मंगलवार को जिले में बाढ़ पूर्व तैयारियों का जायजा लिया। इस संबंध में समाहरणालय परिसर स्थित अम्बेडकर सभागार में आयोजित समीक्षात्मक बैठक में उन्होंने अधिकारियों को कड़ा निर्देश दिया। इस संबंध में बताते हुए मंत्री श्री झा ने कहा कि उत्तरी बिहार के दरभंगा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण आदि जिले बाढ़ प्रभावित हैं। इन जिलों में बांधों की सुरक्षा को ले जल संसाधन विभाग के अभियंताओं द्वारा पूर्व से ही एहितयातन कदम उठाये गए हैं। उक्त अभियंताओं को यह सुनिश्चित करानी है कि बाढ़ आने पर किसी भी बांध में कोई कटाव न हो। सभी संबंधित अभियंतागण अगले चार महीने अत्यधिक सतर्क एवं चौकस रहे और बांधों की सतत निगरानी करें। यदि बांध पर कोई कमजोर बिदु का पता चलता है तो तुरंत उसकी मरम्मत कराएं। कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य के जिलों में किए जा रहे बांधों के सुरक्षा कार्य पर सतत नजर रखे हुए हैं। उनके द्वारा राज्य मुख्यालय स्तर पर जल संसाधन विभाग की नियमित समीक्षा की जा रही है। बाढ़ से जानमाल का कोई नुकसान न हो यह सुनिश्चित कराने की जबावदेही जल संसाधन विभाग की है। यदि किसी अभियंता की लापरवाही से बांध टूटेगा तो उन्हें कतई नहीं बख्शा जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य में बांधों की सुरक्षा हेतु उत्तम कार्य हुआ है। वे स्वयं भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करके बांधों का निरीक्षण कर रहे हैं। बताया कि जनप्रतिनिधियों से जो फीडबैक मिल रहा है वह संतोषजनक है। बांधों की सुरक्षा हेतु अगर कुछ कार्य बचा हुआ है तो उसे अविलंब पूरा करा लिया जाए।
जल संसाधन मंत्री झा ने बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर घनश्यामपुर प्रखंड के रसियारी और समस्तीपुर के बरियारी बांध पर जाकर चले रहे कार्यों का निरीक्षण किया। स्थानीय परिसदन से घनश्यामपुर के रसियारी और बरियारी तक जाने के क्रम में जगह-जगह पर कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-माला के साथ स्वागत किया। निरीक्षण के क्रम में मंत्री सबसे पहले रसियारी पहुंचे, जहां एक घंटे तक विभागीय अधिकारियों के साथ की जा रही तैयारियों की बाबत जानकारी हासिल की। इस दौरान इंजीनियरों ने उन्हें चल रही तैयारी से अवगत कराया। इसके बाद मंत्री का काफिला बरियारी पुल पहुंचा। जहां नदी के एक तरह के बांध का काम किया जा रहा है। मंत्री ने बरियारी के भी चल रहे कार्यों को बारीकी से देखा और विभागीय अभियंताओं को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में स्थानीय लोगों ने मंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं रखी। मौके पर जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवनंदन सिंह, अरुण झा, रौशन कुमार झा, हिमांशु शेखर, दीपक मिश्रा, बेनीपुर नगर परिषद के मुख्य पार्षद सुरेंद्र कुमार झा सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।

Share

Check Also

पुलिस की दबिश बढ़ता देख गैंग रेप के आरोपी ने न्यायालय में किया आत्मसमर्पण।

दरभंगा: जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र के एक गांव की 13 साल की नाबालिग के साथ नशीली पदार्थ प…