Home Featured राजस्व संग्रहण में तेजी लाने का प्रमण्डलीय आयुक्त ने सभी विभागों को दिया निर्देश।
June 29, 2019

राजस्व संग्रहण में तेजी लाने का प्रमण्डलीय आयुक्त ने सभी विभागों को दिया निर्देश।

देखिये बैठक के दौरान का वीडियो भी।

देखिये बैठक के दौरान का वीडियो भी👆
दरभंगा: दरभंगा के प्रमण्डलीय आयुक्त मयंक वरवड़े ने राजस्व संग्रहण करने वाले सरकार के सभी विभागों के प्रभारी पदाधिकारियों को राजस्व संग्रहण लक्ष्य को शत्-प्रतिशत् हासिल करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि राजस्व जमा नहीं कराने वाले डिफॉल्टर व्यवसायियों को चिन्ह्ति कर उनके विरूद्ध नियमानुसार कारवाई की जाय।
उक्त बातें शनिवार को श्री वरवड़े आयुक्त कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित प्रमण्डल समन्वय समिति की राजस्व समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कहे।
बैठक में आयुक्त द्वारा बारी-बारी से राजस्व संग्रहण करने वाले विभागो के उपलब्धि की समीक्षा किया गया। वाणिज्य कर वसूली की समीक्षा में दरभंगा प्रमण्डल क्षेत्र में वर्ष 2019-20 के लक्ष्य 10017.14 लाख रूपया के विरूद्ध माह मई 2019 तक मात्र 123.37 लाख राजस्व वसूली बताई गई। दरभंगा के राज्य कर संयुक्त आयुक्त द्वारा बताया गया कि जी.एस.टी. कर की राशि एम.आई.एस. पोर्टल पर इन्ट्री नहीं हो रही है, इसके चलते राजस्व संग्रहण की राशि कम प्रतिवेदित हुई है। आयुक्त द्वारा प्रधान सचिव, वाणिज्य कर विभाग को जी.एस.टी. राशि के एम.आई.एस. पोर्टल पर इन्ट्री नही होने की समस्या का निराकरण करने हेतु अनुरोध पत्र भेजने का निर्देश दिया गया।
वहीं निबंधन विभाग की समीक्षा में वार्षिक लक्ष्य 40700.00 लाख रूपया के विरूद्ध 5752.19 लाख राजस्व संग्रहण पाया गया जो लक्ष्य का 16.13 प्रतिशत् है। इसमें दरभंगा जिला में 14000.00 लाख के विरूद्ध 2022.00 लाख, मधुबनी जिला में 12700.00 लाख के विरूद्ध 1875.00 लाख तथा समस्तीपुर जिला में 14000.00 लाख के विरूद्ध 1884.07 लाख रूपया राजस्व संग्रहण शामिल है। आयुक्त महोदय द्वारा राजस्व संग्रहण का कार्य में तेजी लाने का सभी निबंधन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया।
दरभंगा प्रमण्डल में परिवहन विभाग के द्वारा 2957.11 लाख रूपया की राजस्व संग्रहण प्रतिवेदित किया गया। उप निदेशक, खनन द्वारा बताया गया कि अबतक 487.42 लाख कर संग्रहण हुआ है। आयुक्त द्वारा खनन पदाधिकारी को बालू/मिट्टी के अवैध खनन पर रोक लगाने हेतु जिलाधिकारी से मिलकर सभी जिलो में अनुश्रवण समिति का गठन करवाने हेतु निर्देश दिया गया। खनन पदाधिकारी द्वारा बताया कि दरभंगा प्रमण्डल में बालू का पर्याप्त भंडार है। आने वाले बरसात के मौसम में निर्माण कार्य हेतु बालू की कमी नही होगी।
दरभंगा के जिलाधिकारी त्यागराजन एसएम द्वारा बताया गया कि मत्स्य विभाग के द्वारा बंदोबस्त किये गये तालाबो/पोखरो में उड़ाही के नाम पर मिट्टी की कटाई करके अवैध रूप से बेचने की शिकायते प्राप्त हो रही है। आयुक्त द्वारा मत्स्य एवं खनन विभाग के पदाधिकारियों को मिलकर तालाब के संरक्षण हेतु कारवाई कर प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा में दरभंगा प्रमण्डल, दरभंगा के तीनो अंचलो में विद्युत कर संग्रहण की उपलब्धि संतोषजनक पायी गयी। पूरे दरभंगा प्रमण्डल में वार्षिक लक्ष्य 69533.28 लाख के विरूद्ध 10448.33 लाख कर संग्रहण किया गया। दरभंगा के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली लाईन के फ्रिक्वेंटली ट्रिप किये जाने की शिकायतों के बारे में अधीक्षण अभियंता द्वारा बताया गया कि आँधी/तूफान में बिजली लाइन बाधित हो जाने के चलते लोड शेडिंग के कारण कभी-कभी ऐसी समस्या हो जाती है। इस समस्या का समाधान किया जा रहा है। वहीं नगर निगम/नगर परिषद्/जिला परिषद् का कर संग्रह संतोषजनक पाया गया।
भू-लगान की समीक्षा में वर्ष 2019-20 में कुल वसूली 121.75 लाख बताया गया। भू-लगान में कम वसूली का एक बड़ा कारण राजस्व कर्मचारी की कमी बताया गया। वहीं ऑनलाईन दाखिल-खारिज का निष्पादन राजस्व कर्मचारी के लॉगिन पर अत्यधिक आवेदन पेडिंग रहने के कारण इसकी उपलब्धि कम रह रही है। राजस्व कर्मचारी के पास कम्प्यूटर की अनुपलब्धता एवं तकनीकी ज्ञान नहीं होना इसके लिए बड़ी बाधा बताई गई है। आयुक्त श्री वरवड़े ने पंचायत सरकार भवन में कार्यरत आर.टी.पी.एस. काउन्टर पर तत्काल यह कार्य कराने को कहा है।
सैरात की बंदोबस्ती की समीक्षा में बताया गया कि दरभंगा प्रमण्डल में बंदोबस्त सैरातों की संख्या – 184 एवं अबंदोबस्त सैरातों की संख्या – 331 है। सभी जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि कई सैरातों में अतिक्रमण कर लिया गया है, लेकिन अमीन की भारी कमी के कारण इसकी मापी नही हो पा रही है।
अभियान बसेरा बास भूमि महादलित योजना के तहत दरभंगा में 13923 चिन्ह्ति परिवारों में से 12209 परिवारो को बासभूमि उपलब्ध करा दिया गया है।
उप निदेशक मत्स्य ने बताया कि दरभंगा में 2370, मधुबनी में 4864 एवं समस्तीपुर में 1195 जलकर है जिसकी बंदोबस्ती 07 साल के लिए किया गया है। आयुक्त ने सभी जलकरों का भौतिक निरीक्षण कर सत्यापन प्रतिवेदन भेजने का निदेश दिया गया।
आयुक्त ने सभी जिलाधिकारी को विभिन्न विभागों के कार्यालय प्रधान के कार्य प्रगति का नियमित अनुश्रवण करने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद के मामले अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए ऐसे मामलो की नियमित सुनवाई कर उसका निष्पादन किया जाय।
इस बैठक में दरभंगा के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., मधुबनी के जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक, समस्तीपुर के जिलाधिकारी चन्द्रशेखर सिंह, आयुक्त के सचिव श्री विनय कुमार, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी, सभी अपर समाहर्त्ता, सभी जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, उप जन सम्पर्क निदेशक सुशील कुमार शर्मा एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। इस बैठक में वन प्रमण्डल पदाधिकारी अनुपस्थित थे। आयुक्त ने इनसे स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया है।

Share

Check Also

पुलिस की दबिश बढ़ता देख गैंग रेप के आरोपी ने न्यायालय में किया आत्मसमर्पण।

दरभंगा: जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र के एक गांव की 13 साल की नाबालिग के साथ नशीली पदार्थ प…