Home Featured बारिश के साथ शुरू हुआ जलजमाव, कर्मियों की हड़ताल से स्थिति और बदतर होने की संभावना।
July 8, 2019

बारिश के साथ शुरू हुआ जलजमाव, कर्मियों की हड़ताल से स्थिति और बदतर होने की संभावना।

देखिये वीडियो भी।

देखिये वीडियो भी👆
दरभंगा: लगता है दरभंगा शहर में जाम, जलजमाव, गंदगी और पेयजल संकट आदि स्थायी आभूषण बन गए हैं जिन्हें स्थायी रूप से दूर करने की जेहमत सरकार या नगर निगम में सत्ता बदलने पर भी नही किया जाता। जलजमाव, गंदगी व पेयजल संकट शहरी क्षेत्र के निवासियों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। बारिश के बाद तो स्थिति बद से बदतर हो जाती है। रविवार को दिन में हल्की बारिश और फिर देर रात से शुरू होकर सोमवार देर शाम तक जारी रहने के बाद शहर के कई मोहल्लों की सड़कों पर जलजमाव हो गया। लोगों को अपने घर से निकलने में काफी परेशानी हुई। इसके साथ ही नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। जलनिकासी की व्यवस्था के बिना सामान्य दिनों में जलजमाव का दंश झेलने वाले साहसुपन, उर्दू, कटरहिया, फैजुल्लाह खां, रहम खां, बलभद्रपुर, एनपी मिश्रा चौक, नवटोलिया, न्यू बलभद्रपुर, बंगाली टोला, खाजासराय, अभंडा आदि मोहल्ले के निवासियों की बारिश के साथ ही परेशानी बढ़ गई। यह हाल तब है जब बारिश का आगाज ही हुआ है। तेज और लगातार बारिश के विषय में तो सोचकर ही शहरी क्षेत्र के निवासियों की बेचैनी बढ़ जाती है। जलजमाव की समस्या से परेशान मोहल्लेवासियों का कहना है कि वह लोग तो वर्षो से जलजमाव की समस्या से परेशान हैं। अभी से यह हाल है। आगे क्या होगा इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। जलनिकासी की योजनाओं को लेकर निगम प्रशासन पूरी तरह लापरवाह है। कुछ नालों की सफाई कर महज कागज पर खानापूरी की जाती है। साथ ही वार्ड 46 के वाटरवेज कॉलोनी स्थित पानी टँकी से सुबह एवं शाम दोनो पाली में पानी का सप्लाय नही किया गया जिससे पेयजल संकट से लोग शाम होते होते त्राहिमाम कर उठे।
वहीं मंगलवार से सफाई कर्मियों की हड़ताल के बाद स्थिति और बदतर होने की पूरी संभावना है। जहाँ शहर के कई मोहल्लों में जलजमाव है और मानसून दस्तक दे चुका है, वहीं 9 जुलाई से नगर निगम के सभी सफाई कर्मी आउटसोर्सिंग पर बहाली किए जाने के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में झमाझम बारिश के बाद शहर का क्या हाल होगा इसका सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो जाएगी। जलजमाव के बीच सड़क पर ही कचरा पसर जाएगा। लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो सकता है। समस्या न हो इस दिशा में सरकार व निगम को वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी। नगर निगम कर्मचारी संघ के महासचिव मोख्तार अहमद खां ने बताया कि सफाई कर्मियों की बहाली आउटसोर्सिंग पर किए जाने के विरोध में 8 जुलाई को जुलूस निकाला जाएगा। वहीं 9 जुलाई से सभी कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे।

Share

Check Also

पुलिस की दबिश बढ़ता देख गैंग रेप के आरोपी ने न्यायालय में किया आत्मसमर्पण।

दरभंगा: जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र के एक गांव की 13 साल की नाबालिग के साथ नशीली पदार्थ प…