Home Featured खबर का असर: कुमरौल पहुँच बाढ़ पीड़ितों से खुद मिले जिलाधिकारी, राहत कार्यों का लिया जायजा।
July 19, 2019

खबर का असर: कुमरौल पहुँच बाढ़ पीड़ितों से खुद मिले जिलाधिकारी, राहत कार्यों का लिया जायजा।

दरभंगा: पांच दिनों से घनश्यामपुर के कुमरौल में बाढ़ से विस्थापितों को कोई राहत न मिलने की खबर वॉयस ऑफ दरभंगा द्वारा गुरुवार को प्रमुखता से दिखाये जाने का असर शुक्रवार को देखने को मिला। जिलाधिकारी डॉ0 त्यागराजन एसएम स्वयं तटबन्ध पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिये।
जिलाधिकारी ने कमला पश्चिमी तटबंध के कुम्हरौल स्थित टूटान का निरीक्षण किया और कार्यपालक अभियंता को उक्त टूटान को तुरंत बंद करने का निर्देश दिया ताकि जान-माल की क्षति को रोका जा सके। जबकि बाढ़ प्रमण्डल द्वारा बाढ़ से तटबंध को प्रोटेक्ट करने हेतु सैंड बैंग आदि रखा जा रहा है। इस अवसर पर उनके साथ सहायक समाहर्त्ता विनोद दूहन, बिरौल के डीसीएलआर राम दुलार राम, बाढ़ प्रमण्डल के अभियंतागण उपस्थित थे।
जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित स्थानीय लोगों से बातचीत करके उनका हालचाल जाना और हर संभव सहायता पहुँचाने का भरोसा दिलाया। पीने के पानी की कमी की और जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट किये जाने पर बताया गया कि वहाँ जेरीकैन फिल्टर भेजा जा रहा है। वहाँ नया चापाकल भी गाड़ा गया है। स्थानीय लोगों द्वारा जिलाधिकारी से बाढ़ में मकान के क्षतिग्रस्त हो जाने पर सहायता राशि उपलब्ध कराने की माँग की गई। इस पर जिलाधिकारी द्वारा आश्वस्त किया गया कि बाढ़ में क्षतिग्रस्त मकान एवं फसल का सर्वेक्षण कराया जा रहा है। सर्वेक्षण प्रतिवेदन के आधार पर मुआवजे की राशि का भुगतान शीघ्र कर दिया जायेगा।
इसके बाद जिलाधिकारी बेनीपुर अनुमण्डल कार्यालय गये। वहाँ बेनीपुर के अनुमण्डल पदाधिकारी प्रदीप कुमार झा के साथ बैठक करके बाढ़ रिलीफ वितरण कार्य की समीक्षा किये और इसमें तेजी लाने का निर्देश दिए।

Share

Check Also

पुलिस की दबिश बढ़ता देख गैंग रेप के आरोपी ने न्यायालय में किया आत्मसमर्पण।

दरभंगा: जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र के एक गांव की 13 साल की नाबालिग के साथ नशीली पदार्थ प…