Home Featured निगम कर्मियों की हड़ताल स्थगित, मुहर्रम से पहले शहर की सफाई में जुटे सफाईकर्मी।
September 9, 2019

निगम कर्मियों की हड़ताल स्थगित, मुहर्रम से पहले शहर की सफाई में जुटे सफाईकर्मी।

देखिये वीडियो भी।

देखिये वीडियो भी👆
दरभंगा: निगम कर्मियों की 11 सूत्री मांगों के समर्थन में गत पांच सितंबर से जारी हड़ताल सोमवार को पांचवें दिन स्थगित कर दी गयी। महापौर वैजयंती खेड़िया की पहल पर हड़ताल स्थगन का निर्णय दरभंगा नगर निगम कर्मचारी, संविदा एवं दैनिक कामगार यूनियन ने लिया। हड़ताल स्थगन की घोषणा के उपरांत सफाई कर्मचारी शहर की साफ-सफाई कार्य में तत्काल जुट गए। बता दें कि बिहार लोकल बॉडीज एंप्लाइज फेडरेशन एवं बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर जारी हड़ताल को समाप्त कराने को लेकर नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुरेश शर्मा ने पांच सितंबर को संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता की थी। वार्ता संतोषजनक नहीं होने पर हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया गया था। दरभंगा नगर निगम कर्मचारी संघ सह संविदा एवं दैनिक कामगार यूनियन के महासचिव मोख्तार अहमद खां ने सोमवार को बताया कि वार्ता के दौरान सफाई कर्मियों, संविदा कर्मियों एवं दैनिक वेतन भोगियों से संबंधित समस्याएं जैसे 18 हजार रुपये न्यूनतम मजदूरी तथा दैनिक एवं संविदा कर्मियों को नियमित करने के सवाल पर स्पष्ट निर्णय नहीं हुआ। ऐसी स्थिति में संयुक्त मोर्चा द्वारा वार्ता के निर्णय से संतुष्ट नहीं होने के कारण हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया गया था। इसकी प्रति मंत्री को भी भेजी गई।
उन्होंने कहा कि बिहार लोकल बॉडीज एंप्लाइज फेडरेशन के उपाध्यक्ष ने गत सात सितंबर को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आह्वान किया कि वार्ता की कार्रवाई के आलोक में राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल को समाप्त किया जाता है। महासचिव श्री खां ने कहा कि बिहार लोकल बॉडीज एंप्लाइज फेडरेशन ने सफाई कर्मियों, संविदा कर्मियों एवं दैनिक वेतन भोगियों के साथ विश्वासघात कर हड़ताल समाप्त कर दिया। ऐसा कृत्य करने वाले संगठन को निकाय कर्मी कभी माफ नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि संयुक्त मोर्चा पूरी तरह बिखर चुका है। ऐसी स्थिति में बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ शाखा दरभंगा नगर निगम कर्मचारी संघ सफाई कर्मचारी संघ संविदा एवं दैनिक कामगार यूनियन की ओर से महापौर के अनुरोध पर मुहर्रम की आवश्यकता को देखते हुए हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष शशिकांत मिश्र ने कहा कि महापौर के व्यक्तिगत अनुरोध पर व मुहर्रम को देखते हुए हड़ताल स्थगन का फैसला शहरवासियों के हित में लिया गया है। उन्होंने कहा कि वैसे भी बिहार लोकल बॉडीज एंप्लाइज फेडरेशन एवं बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ संयुक्त मोर्चा अब टूट गया है इसलिए संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर शुरू की गयी बेमियादी हड़ताल स्थगित की गई है। उन्होंने कहा कि बिहार लोकल बॉडीज एंप्लाइज फेडरेशन ने संयुक्त मोर्चा की बैठक बुलाये बगैर एकतरफा निर्णय लेकर विश्वासघात किया है।

Share

Check Also

पुलिस की दबिश बढ़ता देख गैंग रेप के आरोपी ने न्यायालय में किया आत्मसमर्पण।

दरभंगा: जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र के एक गांव की 13 साल की नाबालिग के साथ नशीली पदार्थ प…