Home Featured गीत-संगीत के माध्यम से जल-जीवन-हरियाली का संदेश प्रसारित करेगा कला-जत्था: डीएम।
December 20, 2019

गीत-संगीत के माध्यम से जल-जीवन-हरियाली का संदेश प्रसारित करेगा कला-जत्था: डीएम।

दरभंगा: जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एस.एम.द्वारा शुक्रवार को समाहरणालय परिसर से कला-जत्था की चार टीमों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। उन्होंने कहा कि दरभंगा जिला के सभी 324 पंचायतों में कला-जत्था की टीमें भ्रमण कर जल – जीवन – हरियाली अभियान के जागरूकता संदेश को प्रसारित करेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के चलते पारिस्थितिकीय असंतुलन की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इससे मौसम में तीक्ष्ण बदलाव परिलक्षित हो रही है। कभी सूखे की मार तो कभी बाढ़ का दंश झेलनी पड़ रही है। इस सब के पीछे जलवायु परिवर्तन मुख्य कारण है।
उन्होंने कहा कि इसी साल दरभंगा जिला के कई क्षेत्रों में भू-गर्भ जल स्तर काफी नीचे चला गया, जिसके चलते गंभीर जल संकट की स्थिति उत्पन्न हुई। राज्य सरकार द्वारा इस विकट स्थिति का संज्ञान लिया गया और प्राकृतिक जल श्रोतों का संवर्द्धन, भू-गर्भ जल संचयन तथा हरित आवरण को बढ़ाने के उद्देश्य से जल-जीवन-हरियाली महाअभियान की शुरूआत की गई है।
उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों से बचाव हेतु हरित आवरण को बढ़ाना एवं जल का संरक्षण आवश्यक हो गया है। जल संरक्षण के कई आयाम हैं । प्राकृतिक जल श्रोतों का पुनर्जीवीकरण करने से ग्राउंड वाटर रिचार्जिग तेजी से होगा और भू-गर्भ जल स्तर बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि जल-जीवन-हरियाली अभियान, नशा मुक्ति एवं दहेज प्रथा तथा बाल-विवाह उन्मूलन अभियान के प्रति सरकार कृतसंकल्प हैं । यह सिर्फ सरकारी कार्यक्रम नहीं है, इस अभियान में हर किसी को बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेना होगा, तभी यह अभियान अपने लक्ष्य को हासिल कर पायेगा।
उन्होंने कहा कि कला-जत्था की टीमेँ आम लोगों के बीच जाकर गीत-संगीत के माध्यम से जल-जीवन-हरियाली संदेश को प्रसारित करेगी और मानव श्रृंखला में भागीदारी निभाने हेतु आमलोगो को प्रेरित करने का कार्य करेंगी।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त डाॅ. कारी प्रसाद महतो, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी सुशील कुमार शर्मा, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (जन शिक्षा) सुनील कुमार, डी.पी.ओ. (एम.डी.एम.) संजय देव ‘‘कन्हैया जी’’, कला-जत्था के कलाकार एवं अन्य लोग उपस्थित थे।

Share

Check Also

पुलिस की दबिश बढ़ता देख गैंग रेप के आरोपी ने न्यायालय में किया आत्मसमर्पण।

दरभंगा: जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र के एक गांव की 13 साल की नाबालिग के साथ नशीली पदार्थ प…