Home Featured दरभंगा : घने कोहरे के कारण तीनों उड़ान रद्द, नई समय सारणी से होगी उड़ान व लैंडिंग।
December 21, 2020

दरभंगा : घने कोहरे के कारण तीनों उड़ान रद्द, नई समय सारणी से होगी उड़ान व लैंडिंग।

दरभंगा: बढ़ी ठंड के साथ कोहरा भी अब अधिक छाने लगा है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक तापमान और गिरेगा। बढ़ती ठंड को देखते हुए मंगलवार और बुधवार को ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। कड़ाके की ठंड व कोहरे की वजह से सड़क, ट्रेन और परिवहन के अलावा हवाई यातायात भी प्रभावित हो रहा है। सोमवार को दरभंगा एयरपोर्ट से सभी विमान सेवाएं रद्द कर दी गई।

इस वजह से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट पर न तो कोई विमान आया और न ही यहां से कोई विमान उड़ सका। सुबह में सड़क पर बिना लाइट के वाहन चालक अपनी गाड़ियों को नहीं चला पाए। वहीं, रात में बिजली रहने के बावजूद भी स्ट्रीट लाइट की रौशनी कोहरे के कारण दिखाई नहीं दे रही थी।

एयरपोर्ट से उड़ान भरने एवं लैंडिंग करने वाले विमानों की समय सारणी में परिवर्तन कर दिया गया है। बताया गया है कि दिन के 10:10 बजे बेंगलुरु से उड़ान भरने वाला विमान 1 बजे दरभंगा में लैंड करेगा। फिर 1:30 में उड़ान भरकर बेंगलुरु के लिए रवाना होगा। वहीं दिन के 11:45 बजे दिल्ली से दरभंगा के लिए उड़ान भरने वाला विमान यहां 1:50 में लैंड करेगा।

दिल्ली के लिए वापसी 2:30 बजे होगी। वहीं दोपहर 12:10 बजे मुंबई से उड़ान भरकर 2:35 मिनट पर दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचेगा विमान। साथ ही दरभंगा से 3:05 बजे उड़ान भरकर मुंबई वापस होगा। स्पाइस जेट के मुताबिक खराब मौसम के मद्देनजर यह समय सारणी में परिवर्तन आगामी 10 जनवरी तक के लिए किया गया है।

एयरपोर्ट के निदेशक बीके मंडल ने बताया कि घने कोहरे के कारण सोमवार को तीनों उड़ानें रद्द रहीं। ठंड के बीच बढ़े कुहासे से विजिब्लिटी कम होना ही इसका मुख्य कारण रहा। हालांकि आगे नए समय से परिचालन शुरू होगा। एक दिन पहले तक सेवा बहाल थी। अगर कुहासा नहीं गिरा तो आगे भी सेवा बहाल रहेगी।

Share

Check Also

30 अप्रैल तक बीएलओ पर्ची वितरण का कार्य शतप्रतिशत करें पूरा: डीएम।

दरभंगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी राजीव रौशन के द्वारा बताया गया कि लोकसभा…