Home Featured उपमुख्यमंत्री ने महराजी पुल सहित 31 करोड़ से अधिक की योजनाओं का किया शिलान्यास एवं उद्घाटन।
July 10, 2022

उपमुख्यमंत्री ने महराजी पुल सहित 31 करोड़ से अधिक की योजनाओं का किया शिलान्यास एवं उद्घाटन।

देखिये वीडियो भी👆

दरभंगा: बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने रविवार को दरभंगा नगर निगम क्षेत्र में बागमती नदी पर बने महाराजी पुल के स्थान पर आरसीसी पुल का शिलान्यास किया। दरभंगा शहर को दो भाग में विभक्त करने वाले बागमती नदी पर बने महाराजी पुल को दरभंगा महाराज ने वर्ष 1949 में बनवाया था। इस स्क्रू पाइल पुल से शहर के पश्चिम भाग की बड़ी आबादी को शहर आने-जाने में सुविधा होती थी। लेकिन इस पुल के क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण स्थानीय लोग लंबे समय से यहां नए पुल के निर्माण की मांग कर रहे थे। 68.48 मीटर लंबे इस पुल का निर्माण बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लि. की ओर से 14 करोड़ 24 लाख की लागत से किया जाएगा। पुल बन जाने से इससे भारी वाहनों का भी आवागमन हो सकेगा।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सह नगर विकास आवास विभाग के मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि दरभंगा शहर के लोगों के लिए नगर विकास आवास विभाग बिहार का सबसे महंगा पुल बना रहा है। संभवत: बिहार का यह पहला पुल होगा जिसपर विभाग 14 करोड़ 24 लाख रुपये खर्च करने जा रहा है। इस पुल के बन जाने से शहर के लोगों को काफी लाभ होगा। सबसे अहम यह कि दरभंगा महाराज के जमाने में बने इस पुल पर भारी वाहनों का आवागमन हो सकेगा।

Advertisement

भाजयुमो जिलाध्यक्ष बालेंदु झा बालाजी ने कहा कि पुल के बन जाने से शहर से होकर निकली बागमती नदी के पश्चिमी भाग की बड़ी आबादी को राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि रत्नोपट्टी, शुभंकरपुर, चतरिया, तरौनी आदि क्षेत्र के करीब 50 हजार से ज्यादा की आबादी इस पुल निर्माण को लेकर हर्षित है। पिछले कई वर्षों से लगातार महाराजी पुल निर्माण की बातों को उठाता रहा। अब वह प्रयास सफल हुआ है। वर्षों बाद स्थानीय लोगों का कष्ट दूर होता नजर आ रहा है।

ततपश्चात दरभंगा नगर निगम के राजेंद्र हॉल में आयोजित उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने दरभंगा नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत नगर विकास प्रमंडल दरभंगा के तहत 01 करोड़ 57 लाख 64 हजार रुपए की लागत से पीडब्ल्यूडी पथ में गायत्री मंदिर दारु भट्टी चौक, दुर्गा होटल के पीछे से गुदरी होते हुए विद्यापति स्कूल तक ढक्कन सहित आरसीसी नाला का निर्माण कार्य एवं 06 करोड़ 11 लाख 36 हजार रुपए की लागत से कर्पूरी चौक से सैदनगर तक भूगर्भित नाला का निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

इसके अतिरिक्त उप मुख्यमंत्री द्वारा मुख्यमंत्री शहरी गली नली योजना तथा 14 वें वित्त आयोग में प्राप्त राशि 4 करोड़ 79 लाख 41 हजार 200 रुपए की लागत से 20 योजनाओं का शिलान्यास तथा 2 करोड़ 52 लाख 17 हजार 400 रुपये की लागत से बनी 19 योजनाओं का उद्घाटन किया गया। इस प्रकार कुल 31 करोड़ 19 लाख रुपये की योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास रिमोट के माध्यम से किया गया।

इस मौके पर सांसद गोपाल जी ठाकुर, नगर विधायक संजय सरावगी, केवटी विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा, अलीनगर विधायक मिश्रीलाल यादव, विधान पार्षद हरि सहनी आदि सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Share

Check Also

शॉर्ट सर्किट से लगी आग में, आधा दर्जन से अधिक घर जलकर राख।

दरभंगा: मंगलवार का दिन जिले के पतोर थाना क्षेत्र के खैरा गांव के लिए अमंगल साबित हुआ। यहां…