Home Featured अब बाजार में बेचे जाएंगे जेल में सजा काट रहीं महिलाओं द्वारा तैयार किया गया अचार।
July 12, 2022

अब बाजार में बेचे जाएंगे जेल में सजा काट रहीं महिलाओं द्वारा तैयार किया गया अचार।

दरभंगा: विभिन्न कंपनियों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पाद के बीच दरभंगा मंडल कारा में तैयार अचार अब बाजार में बेचे जाएंगे। इसे जेल में सजा काट रहीं महिलाओं ने तैयार किया है। जेल प्रशासन इसे ‘स्वाद’ नाम देकर बाजार में उतारने की तैयारी में है। इसे अलग-अलग वजन के अनुसार डिब्बा में पैक किया गया है। इसमें आम, नींबू, कटहल, मिर्ची, मूली, गाजर, लहसुन, नींबू निमकी व मिक्स्ड अचार तैयार किए गए हैं। अचार बनाने में 40 महिला बंदी लगी हैं। फूड सेफ्टी लाइसेंस भी ले लिया गया है। जेल प्रशासन विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद इसे बाजार में उतारेगा। जेल अधीक्षक के अनुसार, जेल प्रशासन की ओर से सभी महिलाओं को अचार बनाने का प्रशिक्षण दिया गया था। कच्चा माल व अन्य जरूरी संसाधन जेल प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराया जाता है। इस काम में लगी महिलाओं को निर्धारित पारिश्रमिक दी जाती है। इससे उनके जीवन और विचार में बदलाव आ रहा है।

कारा प्रशासन की ओर से अचार की कीमत उनके प्रकार के हिसाब से दो से पांच सौ रुपये प्रति किलो रखी गई है। मूल्य बाजार व कच्चा माल की कीमत के हिसाब से परिवर्तित किए जा सकते हैं। फिलहाल जो कीमत तय है उसके मुताबिक आम-240, मिक्स्ड-300, कटहल-250, मूली-200, गाजर-200, नींबू-500, नींबू निमकी-230 व मिर्ची अचार की कीमत 400 रुपये प्रति किलो तय की गई है। अचार फिलहाल कारा कैंटीन में उपलब्ध है। बाजार में उतारने के लिए विभागीय स्तर पर मंजूरी मिलनी शेष है।

Advertisement

कारा प्रशासन के मुताबिक जेल में अचार तैयार कर रहीं महिला बंदियों को उनके काम के हिसाब से सरकारी प्रावधान के अनुरूप पारिश्रमिक दिया जा रहा है। इसके तहत सौ रुपये न्यूनतम मजदूरी तय है। काम के हिसाब से इसे बढ़ाया भी जा सकता है। सबसे खास यह कि बंदियों को जेल से निकलते वक्त कारा की ओर से एक प्रमाण-पत्र जारी किया जाएगा। यह प्रमाण-पत्र उनके लिए आगे रोजगार देने में सहायक साबित होगा। इसी तरह से उनका काम व आचरण उनकी सजा कम कराने में भी सहायक साबित होगा।

कारा अधीक्षक संदीप कुमार ने बताया कि, जेल में बंदी मन की बेचैनी को समाप्त करने व उन्हें रोजगार परक प्रशिक्षण देने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके तहत जेल में पूर्व से प्रशिक्षित महिलाओं से 40 महिला बंदियों को अचार तैयार करने का प्रशिक्षण दिलवाया गया है। जेल में विभिन्न तरह के अचार बनाए जा रहे हैं। इनकी पैकिंग स्वाद नाम से की जा रही है। इसे शीघ्र विभागीय सहमति के बाद इसे बाजार में उतारा जाएगा।

Share

Check Also

शॉर्ट सर्किट से लगी आग में, आधा दर्जन से अधिक घर जलकर राख।

दरभंगा: मंगलवार का दिन जिले के पतोर थाना क्षेत्र के खैरा गांव के लिए अमंगल साबित हुआ। यहां…