Home Featured भूमि विवाद में अंधाधुंध फायरिंग, दो लोग गंभीर रूप से घायल।
October 15, 2023

भूमि विवाद में अंधाधुंध फायरिंग, दो लोग गंभीर रूप से घायल।

दरभंगा: जिला मुख्यालय के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कादिराबाद में रविवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे भूमि विवाद में एक व्यक्ति ने अंधाधुंध फायरिंग की। इसमें दो लोग घायल हो गए। फायरिंग के आरोपित को लोगों ने पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे भीड़ से मुक्त कराया और इलाज के डीएमसीएच में भर्ती कराया।

फायरिंग में घायल कादिराबाद निवासी मुकेश कुमार भारती उर्फ तरुण पासवान (42) और नवल कुमार ठाकुर (22) को इलाज के लिए एक नर्सिंग होम एवं डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से आसपास तनाव का माहौल है। तनाव की सूचना के मद्देनजर प्रभारी डीएम प्रतिभा रानी और एसएसपी अवकाश कुमार भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर कैंप कर रहे हैं।

Advertisement

पांच राउंड फायरिंग की बात कही जा रही है। फायरिंग के आरोपित की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के कटरा थाना के चकहाजी निवासी मो रुमी के पुत्र सरवर ओला (45) के रूप में हुई है। पुलिस ने फायरिंग के आरोप में एक अन्य अमजद अली खान को भी गिरफ्तार किया है। हालांकि, एसएसपी अवकाश कुमार ने घटना का कारण, कितने राउंड फायरिंग के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। कहा है कि जांच के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार, चकहाजी निवासी सरवर ओला कादिराबाद में पांच-छह वर्षों से घर बनाकर रहता है। वह जमीन खरीद-बिक्री के धंधे से जुड़ा है। जबकि मुकेश भारती की कादिराबाद में तरुण मेडिकल हॉल के नाम से दुकान है। घायल नवल ठाकुर जनरल स्टोर चलाता है।

कादिराबाद के ही एक भूखंड को लेकर भारती और सरवर ओला के बीच पिछले पांच-छह माह से विवाद चल रहा था। उस भूखंड पर कब्जे को लेकर सरवर ओला ने अपने 10-15 आदमियों को बुलाया था। सभी उसके कमरे में रुके थे। पंचायत की बात कहकर मुकेश भारती को भी सरवर ओला ने अपने घर पर ही बुलाया। कुछ देर बाद दोनों में विवाद हो गया।

सरवर ओला और अन्य ने उसकी पिटाई कर दी। वह निकलकर भागा तो ओला ने घर से बाहर निकलकर पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। एक गोली भारती के चेहरे पर आंख के पास लगी। वह वहीं गिर गए। उधर से गुजर रहे राहगीर नवल ठाकुर को जांघ के पास एक गोली लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर भगदड़ मच गई। इस बीच सरवर ओला बाइक से भागने लगा।

Advertisement

घटनास्थल के बगल में ही पूजा पंडाल का निर्माण चल रहा है। आसपास के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए और फायरिंग करने वाले सरवर ओला को दबोच लिया। उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची विश्वविद्यालय थाने की पुलिस और एसएसपी ने उसे भीड़ से मुक्त कराया। फायरिंग में घायल मुकेश भारती को एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। जबकि नवल ठाकुर का इलाज डीएमसीएच में चल रहा है।

इधर, मोहल्ले के लोगों ने सरवर के घर को घेर लिया। कहते हैं कि बदमाशों ने इस दौरान भी फायरिंग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाला। घर के अंदर घुसकर अमजद एकबाल खान को पकड़ा। जबकि अन्य पीछे के दरवाजे से भागने में कामयाब हो गए। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने सरवर की पत्नी और मां को भी हिरासत में लिया है। गिरफ्तार अमजद से पूछताछ की जा रही है।

इधर, वरीय पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार ने बताया कि घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। गोली से घायल दोनों लोगों का इलाज चल रहा है। दोनों खतरे से बाहर हैं। स्थिति थोड़ी सी तनावपूर्ण है, लेकिन नियंत्रण में है। पूजा पंडाल के लोगों का काफी सहयोग रहा है। उन लोगों ने भी शांति की अपील की है। हम लोगों की भी अपील है कि ये दो व्यक्तियों के बीच की लड़ाई है। इसे कोई और रंग देने की आवश्यकता नहीं है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि पूजा, पर्व -त्योहार हम लोग अच्छे से मनाएं। कोई दिक्कत होती है तो कानून अपने हाथ में नहीं लें। पुलिस को सूचना दें। पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोग घटना में तीन से छह के शामिल होने की बात स्थानीय लोग बता रहे हैं। आगे अनुसंधान और गिरफ्तारी से मामला स्पष्ट हो सकेगा। फायरिंग कितने राउंड हुई है, इस पर अभी कुछ कह पाना संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग अंधाधुंध फायरिंग की बात कह रहे हैं। कुछ लोग चार-पांच राउंड फायरिंग की बात कह रहे हैं। घायल व्यक्ति पूजा समिति के हो सकते हैं, स्पष्ट तौर पर अभी पता नहीं है। हमारी प्राथमिकता अभी विधि व्यवस्था को नियंत्रित करना है। आगे अनुसंधान में जो भी सामने आएगा, उसकी जानकारी दी जाएगी

Share

Check Also

दरभंगा में दिनदहाड़े सीएसपी से पांच लाख की लूट, दो अपराधी चढ़े ग्रामीणों के हत्थे।

दरभंगा: दरभंगा में एकबार फिर अपराधियों ने दिनदहाड़े बढ़े हौसले का परिचय दिया है। अपराधियों न…