Home Featured अंतिम सोमवारी को बाबा कुशेश्वर के दर्शन हेतु उमड़ा जनसैलाब।
August 19, 2024

अंतिम सोमवारी को बाबा कुशेश्वर के दर्शन हेतु उमड़ा जनसैलाब।

दरभंगा: सावन की अंतिम सोमवारी व पूर्णिमा के दिन महादेव की नगरी कुशेश्वरस्थान में एक लाख से अधिक शिव भक्तों ने बाबा कुशेश्वरनाथ का जलाभिषेक किया। सुबह से प्रारंभ हुए भोलेनाथ के जलाभिषेक का दौर दोपहर बाद तक चला। सुबह की प्रधान पूजा-आरती के बाद बाबा कुशेश्वरनाथ मंदिर के गर्भ गृह का पट खुलते ही देर रात से कतार में खड़े शिव भक्त उमड़ पडे और हर हर महादेव, जय कुशेश्वर की जयघोष करने लगे। इसके साथ ही अहले सुबह से शिवलिंग पर जलाभिषेक का क्रम शुरू हो गया। श्रद्धालुओं की भीड़ प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था के बीच कतार बद्ध हो जलाभिषेक करती रही। सुबह में महिला और पुरुष की लंबी लंबी कतार लगी। जैसे जैसे दिन चढ़ता गया, भीड़ बढ़ती गई। अंतिम सोमवारी को शिवभक्तों में महिलाओं की अपेक्षा पुरुष श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रही। कुशेश्वरस्थान बाजार के मुख्य मार्ग एवं सुतापट्टी, कन्या पाठशाला मार्ग में भी दिन भर चहलकदमी बनी रही। बताया जा रहा है कि पूर्णिमा राखी का त्योहार होने के कारण महिला भक्तों की भीड़ अपेक्षा के अनरुप नहीं हो पायी।

बढ़ती भीड़ को देखते हुए एसडीओ उमेश कुमार भारती, एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी ने मुख्य मार्ग से लेकर मंदिर के गर्भ गृह तक की गई सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ने तैनात अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही कुछ समय के लिए मंदिर के गर्भ गृह में रह कर व्यवस्था का अवलोकन किया। वहीं थाना अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने मंदिर के अंदर की कमान संभाली।

इधर मंदिर न्यास समिति के उपाध्यक्ष बाबूकांत झा और सचिव विमल चंद्र खां, सीओ गोपाल पासवान सहित अन्य अधिकारी और स्वास्थ्य टीम श्रद्धालुओं की सेवा में लगे रहे। इधर बाबा कुशेश्वर सेवा संस्था एवं चौपाल बोलबम सेवा समिति के साथ कई अन्य संगठनों ने श्रद्धालुओं की सेवा की।

Share

Check Also

डीएम-एसएसपी ने किया मंडल कारा का औचक निरीक्षण।

देखिए वीडियो भी   दरभंगा: अक्सर जेल से अपराधियों द्वारा फोन कॉल करके अपना धंधा चलाने आदि क…